महासमुन्द
पत्रकार वार्ता में कहा-पिछली 70 फीसदी घोषणाएं नहीं हुई पूरी,
अब कांग्रेस ने घोषणा नहीं ठगी पत्र जारी किया है
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 नवंबर। कांग्रेस का जारी घोषणा पत्र ठगी पत्र है। उनके घोषणा पत्र से किसानों का भला नहीं होने वाला है। जबकि भाजपा ने जो घोषणा पत्र जारी किया है, वह किसानों के लिए अधिकृत तुलनात्मक दृष्टि से ज्यादा फायदेमंद है। किसान पांच साल का गुणा-भाग करें तो उन्हें भाजपा से ज्यादा फ ायदा है। उक्त बातें पत्रकार वार्ता में चर्चा करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कही है। पत्रकार वार्ता में महासमुंद विधानसभा के संचालक संदीप दीवान, श्याम साकरकर, देवीचंद राठी आदि उपस्थित थे।
उन्होंने बताया कि भाजपा ने सबसे पहले घोषणा पत्र में विवाहित महिलाओं का जिक्र करते हुए उन्हें प्रति माह एक हजार रुपए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 70 फीसदी घोषणा तो कांग्रेस ने पूरी नहीं कीन उसकी चर्चा तक नहीं की। कांग्रेस हमेशा अपने वायदे से मुकरती रही है। महतारी सम्मान राशि 5 सौ था, लेकिन किसी को नहीं मिला। भाजपा 5 सौ रुपए में महिलाओं को सिलेंडर भी देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शराब बंदी पर मुंह में ताला लगा लिया है। कर्ज माफी भी सभी की नहीं हुई। भाजपा के 21 क्विंटल और 31 सौ रुपए के अलावा पिछला बोनस तथा महिलाओं को दी वाली राशि का हिसाब-किताब करे तो पांच साल में किसानों को भाजपा के घोषणा पत्र से इतना फायदा मिलेगा कि कर्ज माफी को भूल जाएंगे।
डॉ.चोपड़ा ने बताया कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनेगी तो केंद्र के सामंज्य से अच्छे से विकास संभव है। कांग्रेस का पांच साल केवल घोटाले में बीता है। पीएससी घोटाला, महादेव एप, खाईवाल से 508 करोड़ रुपए का घोटाला, कस्टम मिलिंग घोटाला, चावल घोटाला, शराब घोटाला, कोयला घोटला की लंबी सूची है। ईडी बिना सबूत के कोई आरोप किसी पर नहीं लगाती। यदि मुख्यमंत्री पर आरोप लगाया गया है तो यह गंभीर मामला है।
उन्होंने केजी से पीजी तक मुक्त शिक्षा व्यवस्था पर तंज कसते हुए कहा कि प्राय: शासकीय स्कूलों में यह नि:शुल्क ही रहता है। इसे प्राइवेट स्कूलों में करते तो कोई नयापन होता।