महासमुन्द

2018 की तर्ज पर फिर से सरकार बनने के बाद होगी किसानों की कर्जमाफी-विनोद
06-Nov-2023 3:19 PM
2018 की तर्ज पर फिर से सरकार बनने के बाद होगी किसानों की कर्जमाफी-विनोद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,6नवंबर। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि 2018 की तर्ज पर 2023 में भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों की कर्जमाफी होगी। इसे कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में शामिल किया है।

संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने रविवार को कांग्रेस द्वारा घोषणा पत्र जारी होने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के सुझावों को अपने घोषणा पत्र में शामिल किया है। 2018 की तर्ज पर 2023 में भी सरकार बनने के बाद किसानों की कर्ज माफी होगी। किसानों की बेहतरी के लिए समर्थन मूल्य 3200 रूपए मिलेगा। इसके साथ ही 20 क्विंटल होगी प्रति एकड़ धान खरीदी, 200 यूनिट बिजली फ्री, सभी सरकारी स्कूलों कॉलेजों में केजी से लेकर पीजी तक की शिक्षा मुफ्त, तेंदूपत्ता प्रति मानक बोरा 6000 रुपए और 4000 रुपए, भूमिहीनों को 10000 रुपए प्रतिवर्ष दिए जाएंगे। गैस सिलेंडर पर 500 रुपए की सब्सिडी मिलेगी। साढ़े 17 लाख गरीब परिवार को आवास, अब 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज दुर्घटनाओं पर मुफ्त इलाज, तिंवरा भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा।

      संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काबिज कांग्रेस सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए फैसला लेते हुए काम किया है। कांग्रेस सरकार की योजनाओं और फैसलों से प्रदेश के किसानों में खुशहाली आई है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों की कर्जमाफी की। इससे 19 लाख किसानों को फायदा मिला। छत्तीसगढ़ में किसानों का 10 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ  किया है। इसके साथ ही 26 लाख किसानों को 23 हजार करोड़ रुपए किसान न्याय योजना के तहत दिया गया।

पीठासीन अधिकारी समेत मतदान अधिकारियों के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 8 तक

महासमुंद,6नवंबर। सोमवार 6 नवंबर से 8 नवंबर तक समस्त पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारियों का द्वितीय चरण का प्रशिक्षण  प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किया गया है। आज 6 नवम्बर को वेडनर मेमोरियल स्कूल महासमुंद में बसना विधानसभा के लिए गठित मतदान दलों को तथा केंद्रीय विद्यालय महासमुंद में खल्लारी विधानसभा के लिए गठित मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

      इसी तरह दिनांक 7 नवंबर को वेडनर मेमोरियल स्कूल महासमुंद में विधानसभा क्षेत्र सरायपाली और केंद्रीय विद्यालय महासमुंद में विधानसभा क्षेत्र महासमुंद के लिए गठित मतदान दलों का प्रशिक्षण होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू ने बताया कि 8 नवंबर को चारों विधानसभा क्षेत्रों के लिए गठित शेष मतदान दलों का प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण के दौरान ही मतदान दल के सदस्यों को पोस्टल बैलेट द्वारा मतदान कराया जाएगा। इसके लिए दोनों प्रशिक्षण स्थलों में सुविधा केंद्र बनाया गया है।


अन्य पोस्ट