महासमुन्द

दस्तावेजों का उचित निर्धारण व रखरखाव में ध्यान दें-रजनी दुबे
05-Nov-2023 3:27 PM
दस्तावेजों का उचित निर्धारण व रखरखाव में ध्यान दें-रजनी दुबे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 नवंबर। जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद की पोर्टफोलियो न्यायाधीश न्यायमूर्ति रजनी दुबे न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने जिला न्यायालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति के साथ बीपी वर्मा रजिस्ट्रार आई एण्ड ई उच्च न्यायालय उपस्थित थे।

न्यायमूर्ति द्वारा जिला मुख्यालय महासमुंद के सभी न्यायालय कक्ष, पंजीयन शाखा, व्हीसी कक्ष, प्राथमिक उपचार केन्द्र, किलकारी कक्ष, कम्प्यूटर अनुभाग, रिकार्ड कक्ष, मालखाना कक्ष सहित समस्त अनुभागों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों का उचित निर्धारण एवं रख-रखाव संबंधी कर्मचारियों को उचित निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान न्यायमूर्ति श्रीमती दुबे ने न्यायालय परिसर के विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया। पश्चात वे जिला अधिवक्ता संघ द्वारा आयोजित सम्मान कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं।

न्यायालयों के निरीक्षण कार्यक्रम पश्चात सभी न्यायिक अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न लंबित प्रकरणों के यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। इस संबंध में सभी न्यायिक अधिकारियों को पुराने प्रकरणों एवं वरिष्ठ नागरिकों के प्रकरणों के शीघ्रता से निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।

इसके अलावा उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय से समय-सीमा निर्धारित प्रकरणों का उच्च प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न्यायालय परिसरों की साफ.सफाई पर सराहना की तथा आगे भी न्यायालय परिसरों को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए।

 निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश भीष्म प्रसाद पाण्डेय, कुटुम्ब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश रामजीवन देवांगन, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक, द्वितीय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार पाण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महासमुंद चित्रलेखा सोनवानी, सिविल न्यायाधीश अदिति ठाकुर सराफ, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दामोदर प्रसाद चंद्रा, सिविल न्यायाधीश राहुल सराफ, कु.योगिता जांगड़े, प्रशिक्षु सिविल न्यायाधीश खुशबू जैन एवं प्रशासनिक अधिकारी जेडी बारसे सहित न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे। यह जानकारी विज्ञप्ति में दी गई।


अन्य पोस्ट