महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवंबर। सांसद चुन्नीलाल साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, झारखंड के विधायक मनीष जायसवाल समेत जिले के शीर्ष भाजपा नेताओं ने कल भाजपा के घोषणा पत्र में शामिल मुद्दों को पत्रकारों संग साझा करते हुये इसे बेहतरीन बताया। साथ ही ये भी कहा कि इसमें शामिल मुद्दों से भाजपा जनों का उत्साह बढ़ा है। सभी ने इसमें शामिल मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की, लेकिन शराबबंदी का मुद्दा घोषणा पत्र में शामिल नहीं होने के सवाल पर उन्हें ठिठकना पड़ा। इतना ही कह पाये कि चर्चा चल रही है, कोई निर्णय नहीं हुआ है। सरकार आने के बाद बताएंगे।
इन नेताओं ने दावा किया कि संकल्प पत्र आने के बाद कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है। भाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, पूर्व भाजपाध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, ऐतराम साहू, प्रकाश शर्मा आदि मौजूद थे।
डॉ. चोपड़ा ने शुरूआत करते हुए कहा कि कांग्रेस की कर्जमाफी और अन्य घोषणाओं से भाजपा कार्यकर्ता निराश थे। कहते थे कि वे घर से निकल नहीं पा रहे हैं। लेकिन भाजपा का घोषणा पत्र से उनका उत्साह बढ़ा है। खासकर 21 क्विंटल खरीदी और 3100 रुपए दर पर खरीदी की घोषणा से। डॉ.चोपड़ा ने कहा कि पिछले समय कांग्रेस ने कर्जमाफी की थी। किंतु कुछ ही बैंकों से ऋण लेने वाले किसानों का कर्ज माफ हुआ था। यह भी कहा कि 2016-17 और 2017-18 का 300 रुफए प्रति क्विंटल बकाया बोनस इसी वर्ष राष्ट्रीय सुशासन दिवस 25 दिसंबर को एक मुश्त सभी किसानों को दिया जाएगा।
घोषणा पत्र के बारे में उन्होंने बताया कि राज्य के प्रत्येक विवाहित महिला को साला 12000 रुपए की वित्तीय सहायता देने, 1 लाख रिक्त शासकीय पदों पर समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से भर्ती सुनिश्चित की जाएगी। आवास योजना के तहत लंबित 18 लाख घरों का निर्माण पूरा करने धनराशि का आबंटन होगा और दो सालों के अंदर छत्तीसगढ़ के हर घर में पीने का शुद्ध पानी उपलब्ध होगा। तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए 5500 रुपए प्रति मानक बोरा दिया जाएगा। संग्राहकों को 4500 रुपए तक बोनस देंगे और चरण पादुका एवं अन्य सुविधाएं फिर शुरू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत प्रत्येक भूमिहीन खेतिहर मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत वार्षिक सीमा को दुगुना करके प्रति परिवार 5 लाख से 10 लाख तक स्वास्थ्य बीमा देंगे और राज्य में 500 नए जन औषधि केंद्र स्थापित कर सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराएंगे। यूपीएससी की तर्ज पर पीएससी की परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ होगी और राज्य में हुए पीएससी घोटाले की जांच कराई जाएगी।
कहा कि छत्तीसगढ़ उद्यम क्रांति योजना के तहत युवाओं को 50 प्रतिशत सब्सिडी के साथ ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा। दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में स्टेट कैपिटल रीजन की स्थापना कर रायपुर, नया रायपुर, दुर्ग और भिलाई नगर क्षेत्र का समन्वित एवं संतुलित विकास करेंगे।
नया रायपुर को सेंट्रल भारत का इनोवेशन हब बनाकर राज्य में 6 लाख रोजगार के अवसर उत्पन्न किए जाएंगे। रानी दुर्गावती योजना की शुरूआत कर बीपीएल वर्ग की बालिकाओं के जन्म पर 1 लाख 50 हजार रुपए का आश्वासन पत्र जारी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गरीब महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर, कॉलेज आने जाने के लिए विद्यार्थियों को बेनिफिट ट्रांसफर के जरिये मासिक करेंगे। सांसद चुन्नीलाल साहू ने बताया स्तरीय घोषणा पत्र में कोडार-सिकासेर परियोजना को भी शामिल किया गया है। सिकासेर के अतिरिक्त पानी को कोडार तक लाया जाना है। इसके लिए भाजपा जनों ने पदयात्रा की थी। रूपकुमारी चौधरी ने बताया कि पीएससी घोटाले की जांच कराई जाएगी और यूपीएससी की तर्ज पर पीएससी की परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ होगी। महासमुंद प्रभारी झारखंड विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि घोषणा पत्र में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है।