महासमुन्द
महासमुंद, 4 नवंबर। कल शाम करीब 5 बजे अचानक मौसम में बदलाव आया और तेज हवा व गर्जना के साथ कोमाखान क्षेत्र में एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। इससे वातावरण ठंडा हो गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले 4-5 दिनों से बदली बारिश सा वातावरण है। कल शाम अचानक हवाएं तेज चलने लगी और गर्जना के साथ जमकर बादल बरसे। देखते ही देखते यहां की गली-मोहल्लों में बारिश का पानी बहने लगा। इस बारिश ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। जिन किसानों की फसल पूरी तरह पक चुकी है, अथवा जिन किसानों के धान कटकर करपा के रूप में खेतों में है, उन्हें ज्यादा नुकसान की संभावना है।
कई किसानों ने बीड़ा बांधकर मिजाई के लिए बियारे में रखा है, ऐसे किसानों को बारिश ने परेशानी में डाल दिया है। तेज हवा पानी के कारण धान के पौधे खेतों में गिर गए हैं। इन फसलों को नुकसान की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। इसी तरह की बारिश खरियार रोड़ में भी होने की जानकारी मिली है।