महासमुन्द
80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का गुलाल लगाकर अभिनंदन
महासमुंद, 4 नवंबर। महासमुंद में शुक्रवार को दो हजार से अधिक महाविद्यालयीन, स्कूली छात्र छात्राएं, महिला जागरूकता समूह और अधिकारी कर्मचारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर शत प्रतिशत मतदान के लिए संदेश दिया।
इस अवसर पर भारत निवार्चन एवं नोडल आयोग से नियुक्त सामान्य प्रेक्षक विवेक एल भीमनवार ने अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मैं भारत हूं थीम सांग पर संदेश दिया। मानव श्रृंखला में दिव्यांगजनों ने शामिल होकर मतदान की शपथ ली। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं का गुलाल लगाकर अभिनंदन किया गया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन महासमुंद अधिकारी प्रभात मलिक के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता अभियान के तहत मुख्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में महासमुंद 42 अंतर्गत मतदाता मानव श्रृंखला एवं रैली रूप में लोगों को मतदान के प्रति संदेश दिया गया। इस अवसर पर कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अधिकारी जिला स्वीप समिति के एस आलोक, वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, प्राचार्य अनुसूया अग्रवाल, डॉ. मालती तिवारी,मीता मुखर्जी, समाज कल्याण उप संचालक संगीता सिंह, सीएमओ टॉमसन रात्रे सहित कर्मचारी मौजूद थे।
कार्यक्रम में प्रेक्षक भीमनवार ने कहा कि विधानसभा में यह आयोजन है। भारत देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पूरी दुनिया के लिए मिसाल है। लोकतंत्र की उन्नति से ही देश की उन्नति है। लोकशाही के इस महापर्व में सभी अनिवार्य से मतदान करें। न केवल स्वयं मतदान करे बल्कि अपने घर परिवार और अपने आस पड़ोस के लोगों को भी प्रोत्साहित करें। उन्होंने इस खास कार्यक्रम सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी और कहा कि मैं विश्वास करता हूं कि निर्वाचन में महासमुंद में सर्वाधिक मतदान का रिकॉर्ड कायम होगा।
कार्यक्रम में मौजूद वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत ने कहा कि हम सही लोगों को चुनें तभी मतदान सफल होगा। 17 नवम्बर को सभी शत प्रतिशत मतदान के लिए अपने घर से अवश्य निकलें। जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं स्वीप के नोडल अधिकारी एस आलोक ने कहा कि जिले के नोडल अधिकारियों का योगदान रहा।
निर्वाचन 2023 के मद्देनजर एवं जिन मतदान केन्द्रों में 70 प्रतिशत से कम मतदान हुए हैं, वहां से रैली निकालकर मिनी स्टेडियम में मानव श्रृंखला बनाकर मतदान का प्रतिशत बढ़ाने और मतदाताओं को जागरूक करने यह कार्यक्रम किया गया है। मतदाता जागरुकता अभियान के इस महत्वपूर्ण अभियान में जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण रेखराज शर्मा महासमुंद साक्षरता मिशन प्राधिकरण, राष्ट्रीय सेवा योजना, महिला स्व सहायता समूह की महत्वपूर्ण भूमिका है।