महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 नवंबर। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी अजीत चौहान ने राज्य एवं भारत निर्वाचन आयोग को चुनाव चिन्ह आबंटन के कुछ घंटों बाद उनका चुनाव चिन्ह बदलने की शिकायत की है।
उन्होंने कल पत्रकार वार्ता में कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा बरती गई लापरवाही के लिए दोषी व्यक्ति पर कार्रवाई की मांग को लेकर निर्वाचन आयोग में शिकायत करते हुए पूर्व में आबंटित चुनाव चिन्ह दो पत्ती को यथावत रखने की मांग की है। अन्यथा न्यायालय की शरण में जाने की बात कही है।
अजीत चौहान सरायपाली से निर्दलीय प्रत्याशी हैं। श्री चौहान ने आयोग को लिखे पत्र में शिकायत की है कि पूर्व में उन्हें दो पत्ती चुनाव चिन्ह दिया गया। इसके कुछ ही घंटे बाद इसे बदलकर एयर कंडीशनर चिन्ह दिया गया है। जबकि दो पत्ती चुनाव चिन्ह मिलते ही मैंने बैनर-पोस्टर आदि तैयार करवा लिए हैं। अत: चुनाव चिन्ह दो पत्ती को यथावत रखी जाए, अन्यथा न्यायालय में इस मामले को लेकर न्यायालय जाएंगे।
उन्होंने बताया कि चुनाव चिन्ह बदलते वक्त इसकी विधिवत सूचना अब तक जिला निर्वाचन कार्यालय ने नहीं दी है। उक्त चुनाव चिन्ह के लिए उनकी सहमति भी नहीं ली गई है। इसके चलते उन्हें प्रचार-प्रसार के कार्य में बाधा उत्पन्न होने के साथ अतिरिक्त आर्थिक नुकसान का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा बरती गई लापरवाही को असंवैधानिक कृत्य बताते हुए भारत व राज्य निर्वाचन आयोग से पूर्व में आबंटित चुनाव चिन्ह दो पत्ती छाप को यथावत रखने की मांग की है।