महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 नवंबर। नगर स्थित विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर, सडक़ किनारे समान रखकर व्यवसाय करने, फेरी लगाने व वाहन खड़ी करने से हो रही दुर्घटना की आशंकाओं के चलते कलेक्टर प्रभात मलिक के निर्देश पर गुरुवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने नगर पालिका के अतिक्रमण विभाग की बैठक ली। जिसमें इस पर अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मालूम हो कि नगर पालिका ने मुख्य मार्ग पर व्यवसाय करने वालों को कई बार पहले ही समझाइश दी थी। किन्तु सडक़ किनारे व्यवसाय करने वालों पर इसका असर नहीं हुआ है। इसे देख मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अतिक्रमण दस्तें को कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं। कहा जा रहा है कि अब नगर पालिका का अतिक्रमण दस्ता कार्रवाई करेगा। जिसमें व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, दुकानों के बाहर आम रास्ते में समान रखकर तथा मुख्य मार्ग पर व्यवसाय करने वालों पर कार्रवाई संभव है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी टॉमसन रात्रे ने सडक़ किनारे व्यवसाय करने वालों से कहा है कि आज ही अपना व्यवसाय सडक़ किनारे से हटा लेवें तथा पालिका द्वारा व्यवसाय करने हेतु चिन्हाकित किये गये स्थान पर ही अपना व्यवसाय कर नगर पालिका प्रशासन का सहयोग करें।
अन्यथा पालिका प्रशासन द्वारा ऐसे सभी व्यवसाय को हटाने की कार्रवाई करेगा जो मुख्य मार्ग के किनारे व्यवसाय कर यातायात को बाधित कर रखा है।