महासमुन्द

आबकारी छापा, 54 आरोपियों पर कार्रवाई, अब तक 4 लाख की मदिरा जब्त
03-Nov-2023 2:55 PM
आबकारी छापा, 54 आरोपियों पर कार्रवाई, अब तक 4 लाख की मदिरा जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 नवंबर।
आबकारी छापा में 9 अक्टूबर से अब तक  54 आरोपियों पर कार्रवाई की गई और 4 लाख की मदिरा जब्त की गई।

बीते 9 अक्टूबर से प्रभावशील आदर्श आचार संहिता के परिपालन में आबकारी विभाग ने देशी मदिरा भण्डारण भाण्डागार तथा जिले की समस्त देशी विदेशी मदिरा की फुटकर दुकानों में सतत् जांच कर निगरानी रखते हुए सघन तलाशी कर 31 अक्टूबर तक 93 स्थानों पर छापेमारी कर 54 आरोपियों को हिरासत में लेते हुए 4 लाख,03 हजार 557 रुपए मूल्य की कुल 1697.32 लीटर अवैध मदिरा,  6 लाख, 88 हजार रुपए मूल्य का 13760 किलोग्राम महुआ लाहन तथा 80 हजार रुपए मूल्य के 03 दो पहिया वाहन जप्त किये हैं। जब्त मदिरा में सीमावर्ती ओडिशा राज्य की 44.92 लीटर मदिरा सम्मिलित है।

जिला आबकारी अधिकारी मोहित जायसवाल ने बताया कि अन्य राज्यों से अवैध मदिरा के परिवहन पर रोक लगाये जाने हेतु जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थापित आबकारी जांच चौकी टेमरी तथा खम्हारपाली में आवश्यक बल तैनात करते हुए वाहनों की नियमित जांच कार्रवाई की जा रही है। उक्त जांच चौकियों में 9 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक कुल 4286 वाहन तथा 152 मदिरा परेषणों की जांच की गई है। आबकारी जांच चौकी खम्हारपाली में जांच कार्रवाई केदौरान 02 प्रकरणों में 8.40 लीटर मदिरा तथा 01 मोटर सायकल जप्त किया गया है।

आबकारी अमले के द्वारा रेलवे पुलिस तथा राज्य पुलिस के साथ मिलकर रेल्वे स्टेशनों, ट्रेनों, बस अड्डों तथा बसों की आकस्मिक जांच कर अवैध मदिरा की पतासाजी की जा रही है।


अन्य पोस्ट