महासमुन्द

बीजेपी की सरकार में अमीर और अमीर हो रहा है और गरीब और भी गरीब-खडग़े
02-Nov-2023 2:59 PM
बीजेपी की सरकार में अमीर और अमीर हो रहा है और गरीब और भी गरीब-खडग़े

कहा-वो देश के जंगल, जमीन को अडानी-अंबानी जैसे बड़े-बड़े लोगों के हाथों बेच रहे हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 2 नवंबर।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े बुधवार शाम को मुख्यमंत्री के साथ महासमुंद पहुंचे। उन्होंनेे उन सभी वादों को दोहराया, जो अलग-अलग मंचों से राहुल, प्रियंका और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कर चुक ेहैं। इनमें कर्जमाफी, मध्यम वर्ग को साधने के लिए 500 रुपए की गैस सब्सिडी, 200 युनिट मुफ्त बिजली का वादा शामिल है। उन्होंने कहा कि हमने जो-जो वादे किए थे,वो पूरे किये। राजीव गांधी न्याय योजना के जरिए करोड़ों रुपए सरकार ने किसानों के खाते में डाले। अब 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, सिलेंडर पर 500 रुपए की सब्सिडी समेत जो भी वादा किया है, वो निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसी के यहां कागज का टुकड़ा भी मिला तो आईटी का छापा पड़ जाता है। वो हमारे लोगों को आईटी और विजिलेंस के नाम से डराते हैं। पुराने मामलों में जो किसी के संज्ञान में भी नहीं है, उसमें डराते हैं। लेकिन इन लोगों से हम डरेंगे नहीं। वो देश के जंगल, जमीन को अडानी-अंबानी जैसे बड़े-बड़े लोगों के हाथों बेच रहे हैं। देश के मूल निवासी आदिवासियों की जमीन बेचकर वो अमीरों को देते हैं। बीजेपी की सरकार में अमीर और अमीर हो रहा है और गरीब और भी गरीब। देश में 94 लोगों के हाथ में देश की 50 प्रतिशत संपत्ति हैं।

उन्होंने गारंटी दी कि छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार आई तो तेंदूपत्ते का बोनस चार हजार सालाना, सिलेंडर पर 5 सौ की सब्सिडी, किसानों का कर्ज पिछली बार माफ  किया आगे भी करेंगे। पूरे देश में धान का सबसे अधिक कीमत यहां है। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ वोट मांगने नहीं आया हूं। मैं आपसे विनती करूंगा कि सामाजिक एकता सबसे बड़ी बात है। मैं उस एकता को बचाएं। उन्होंने कहा कि वो तो ऐसे हैं कि बाप बनाया बेटा गुमाया, हमने एयरपोर्ट बनाए और ये बेच रहे हैं। देश के पूंजीपतियों अडानी अंबानी को दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए कांग्रेस के लोग सूली पर चढ़े। गांधी-नेहरू के उसूलों के साथ कदम से कदम मिलाकर देश को आजादी दिलाई। इन लोगों से हम डरेंगे नहीं। ये लोग तो देश के लिए लड़े  ही नहीं, इन्हें सब फोकट में मिला है। मणिपुर जल रहा है लेकिन मोदीजी मणिपुर नहीं गए। महिलाओं का रेप हुआ, घर जल गए। लेकिन वो वहां नहीं गए। 

राज्य सभा में उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा-मैं अवध यानी अयोध्या से यहां माता कौशल्या की धरती पर अपने ननिहाल से कुछ मांगने आया हूं। पार्टी के लिये समर्थन चाहता हूं और चाहता हूं कि सीएम भूपेश बघेल को गाली देकर गये महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को वोटों से जवाब दें। विदेश से लाकर 15-15 लाख देने, 2 करोड़ नौकरियां देने, किसानों को आय दुगुना करने जैसे वायदे मोदी ने पूरा नहीं किया। ये झूठ बोलने वाले लोग हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी व भूपेश सरकार ने जैसा कहा उस पर अमल भी की।  श्री खडग़े ने कहा कि राहुल गांधी मजदूर, गरीबों, माताओं, बच्चों से मिलते हैं। श्री मोदी कभी किसी से हाथ तक नहीं मिलाते। एयरपोर्ट, कारखाने हमने बनाये और ये लोग उसे अमीरों को बेच खाये। हमने पब्लिक सेक्टर बनाया जिन्हें उद्योगपतियों को बेचा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विलंब से आने का कारण कोंटा से आना बताया 

(सभा में उपस्थित हजारों लोग नेताओं के विलंब से आने के कारण बेहद परेशान हुए। सभा में शामिल होने दूर-दराज से सुबह 9.10 बजे ही महासमुंद पहुंच गए थे। वे शाम 5 बजे सभा खत्म होने के बाद ही घर पहुंचे। मीडिया कर्मी सामान्य लोगों के बीच बैठकर रिपोर्टिंग करते रहे। सामने भीड़ होने के कारण कुर्सियों पर चढक़र मीडिया कर्मियों ने मंच की तस्वीरें ली।)
( मुख्यमंत्री ने विलंब से आने का कारण कोंटा से आना बताते हुए स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं को मंच से हटने कहा। श्री खडग़े ने चूकवश 200 यूनिट बिजली फ्री की मुख्यमंत्री की घोषणा के स्थान पर 2000 यूनिट का उल्लेख किया। )

इसके पूर्व मुख्यमंत्री ने कर्ज माफी से लेकर 200 यूनिट बिजली फ्री, रसोई गैस सिलेंडर पर 500 रुपए सब्सिडी, गरीबों के लिये साढ़े 17 लाख आवास निर्माण, तेंदुपत्ता तोड़ाई में 4 हजार रुपए अतिरिक्त, स्वास्थ्य योजना के तहत 5 से बढ़ाकर 10 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा, भूमिहीन श्रमिकों को 7 हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपए प्रति वर्ष देने, जातिगत जनगणना, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, मेडिकल, इंजीनियरिंग भी शामिल आदि घोषणाओं का उल्लेख करते हुये लोगों से पार्टी के लिये समर्थन मांगा तथा नारे लगवाये। 

इस बीच मंच पर पूर्व नपा उपाध्यक्ष मनोज कांत साहू, मयंक शेखर साहू, अरूण साहू, आलोक ठाकुर और सतपाल चावला आदि ने कांग्रेस प्रवेश किया। अतिथियों के आने से पहले राज्य सभा में उपनेता यूपी प्रमोद तिवारी, राष्ट्रीय सचिव व छग प्रभारी सचिव चंदन यादव, पूर्व सांसद नंदकुमार साय, महेन्द्र चन्द्राकर समेत चारों प्रत्याशियों ने सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता संजय शर्मा ने किया।
 


अन्य पोस्ट