महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अक्टूबर। नामांकन दाखिले के अंतिम दिन सोमवार को कांग्रेस के चारों प्रत्याशियों ने बड़ी रैली के साथ कलेक्टोरेट जाकर नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। रैली में जुटी बड़ी संख्या और लगभग एक किलोमीटर रैली की लंबाई ने घंटों मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रखा।
संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक विनोद चंद्राकर समेत संगठन के पदाधिकारी रैली की अगुवाई कर रहे थे। टिकट वितरण के बाद उपजी नाराजगी दूर करने के लिए किया गया मान-मनौव्वल का परिणाम था कि कल रैली में सभी एकजुट दिखे।
टिकट कटने से नाराज रहे संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर स्वयं रैली की अगुवाई करते दिखे। जबकि चुनाव लडऩे की तैयारी में जुटी रही कांग्रेस नेत्री नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग रथ पर कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर के साथ सवार थीं। उनके अलावा कांग्रेस नेता अमरजीत चावला, पूर्व युकांध्यक्ष केशव चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू आदि रथ पर सवार थे। रैली के पूर्व कांग्रेस भवन में पहुंचे ग्रामीण और शहरी कार्यकर्ताओं को संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर, प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर, कांग्रेस नेता अमरजीत चावला आदि ने संबोधित किया।
संचालन कांग्रेस नेता संजय शर्मा और खिलावन साह तथा आभार प्रदर्शन नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने किया। इसके बाद भारी भीड़ रैली के रूप में तब्दील होकर कलेक्टोरेट की ओर रवाना हुई।
प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर और खल्लारी प्रत्याशी द्वारिकाधीश यादव ने रैली के साथ जाकर कलेक्टोरेट में नामांकन दाखिल किया, जबकि बसना प्रत्याशी विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह और सरायपाली प्रत्याशी चातुरी नंद ने रैली के पहले ही कलेक्टोरेट जाकर नामांकन दाखिल कर दिया था।
जकांछ जे के चारों प्रत्याशियों ने किया नामांकल दाखिल
ठीक इसी वक्त दादाबाड़ा से रैली निकालकर कांग्रेस के बागी विधायक नंद का नामांकन दाखिला रैली कलेक्टोरेट पहुंची। सरायपाली के कांग्रेस विधायक किस्मतलाल नंद ने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस से नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। टिकट नहीं मिलने से श्री नंद नाराज थे। कल वे कारों के बड़े काफिले के साथ नामांकन दाखिल करने यहां पहुंचे थे। जकांछ जे के चारों प्रत्याशियों के एक साथ रैली दादा बाड़ा से निकली थी। पार्टी चारों प्रत्याशियों ने एक साथ नामांकन दाखिल किया।
खल्लारी विधानसभा क्षेत्र से भी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे से चुनाव लडऩे की तैयारी में जुटी कांग्रेस नेत्री जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल ने कल नामांकन दाखिल नहीं किया। खल्लारी और बसना विधानसभा क्षेत्र से वे पार्टी की टिकट चाह रही थी, लेकिन पार्टी ने बसना से विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह और खल्लारी से संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव को ही रिपीट किया है। टिकट नहीं मिलने से उषा पटेल नाराज थी और जकांछ जे से चुनाव लडऩे की तैयारी में थी। इस वजह से उनके नामांकन पर लोगों की नजर थी। उन्होंने सोमवार को नामांकन दाखिल करने की बात भी कही थी।
कांग्रेस की नामांकन रैली में भाजपा का प्रचार
बीटीआई रोड पर भाजपा कार्यालय के सामने भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पानी पाउच स्टाल लगा रखा था। रैली की अगुवाई संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक विनोद चंद्राकर प्रमुख कार्यकर्ताओं संग कर रहे थे। रैली भाजपा कार्यालय के सामने से गुजरने, तभी भाजयुमो अध्यक्ष नंदू जलक्षत्री सहित कार्यकर्ता स्टॉल से पानी बोतल पर पानी पाउच से भरी ट्रे उठा-उठाकर रैली में शामिल में शामिल कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा लोगों को पानी पिलाने लगे।
कांग्रेस भवन से कड़ी धूप के बीच पैदल कलेक्टोरेट जा रहे कांग्रेस जनों और रैली में शामिल खासकर महिलाओं ने बड़ी प्रसन्नता के साथ भाजयुमो कार्यकर्ताओं से पानी पाउच लेकर प्यास बुझाई। संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर तथा उनके साथ चल रहे पदाधिकारियों को भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पानी की बोतल दी। भाजयुमो कार्यकर्ता यहीं नहीं रुके, उन्होंने लगे हाथ भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर राजू सिन्हा के पाम्पलेट व अन्य सामग्री सौंकर भाजपा को वोट देने का अनुरोध भी किया।


