महासमुन्द

महासमुंद में एक को चुनावी सभा को संबोधित करेंगे खडग़े, भूपेश-शैलजा
30-Oct-2023 6:42 PM
महासमुंद में एक को चुनावी सभा को संबोधित करेंगे खडग़े, भूपेश-शैलजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 30 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और छग प्रभारी कुमारी शैलजा 1 नवंबर को हेलीकॅाप्टर से महासमुंद आएंगे। वे शासकीय आदर्श बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कांग्रेस की एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

मुख्यमंत्री के निज सलाहकार राजेश तिवारी, संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक विनोद चंद्राकर ने कल इस तैयारी को लेकर बैठक की। संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने बताया कि तीनों नेताओं के महासमुंद प्रवास की तैयारी जोरों पर है।

रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सलाहकार राजेश तिवारी तैयारी का जायजा लेने महासमुंद आए हुए थे। श्री तिवारी ने कांग्रेस भवन में उनके साथ चुनाव को लेकर चल रही गतिविधियों पर चर्चा की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू और मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे तथा पार्टी संगठन के प्रमुख पदाधिकारी इस दौरान उपस्थित थे। श्री तिवारी ने फोन पर जिले के चारों प्रत्याशियों से भी चर्चा कर उनके क्षेत्र में उनके प्रचार व चुनावी समीकरणों पर बात की।

श्री चंद्राकर ने बताया कि बाद में श्री तिवारी उनके साथ आम सभा स्थल शासकीय आदर्श बालक उमा शाला मैदान भी गए। वहां उन्होंने 1 नवंबर को होने वाली पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुल्लिकार्जुन खडग़े और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सभा की तैयारी को देखा। मंच पर बैठक व्यवस्था और दर्शकों की बैठक व्यवस्था को लेकर उन्होंने दिशा निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट