महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अक्टूबर। ट्रक से भारी मात्रा में साडिय़ों का परिवहन करते एक संदिग्ध व्यक्ति को महासमुंद पुलिस ने हिरासत में लिया है। मामला सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत अन्तरराज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल का है। यहां छग-ओडिशा बॉर्डर के पास पुलिस की टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी बरगढ़ ओडिशा की तरफ से आयसर ट्रक तेज रफ्तार से छत्तीसगढ़ की ओर आते दिखा। उक्त वाहन को चेक पोस्ट के पास रोका गया।
वाहन में ट्रक का चालक था, जिससे पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सहदेव राना (34 ) झारखण्ड निवासी बताया। उक्त संदिग्ध व्यक्ति के पास से 99 बोरियों में भरे 16 हजार नग साड़ी कीमती 1 करोड़ रुपए बरामद हुए हैं।
चालक ने पूछताछ करने पर वाहन में साड़ी कपड़ा होना बताया और पुलिस टीम को सही तरीके से जवाब नहीं देने व जवाब संतोषप्रद नहीं पाये जाने से वाहन की तलाशी ली गई। जिसमें 99 प्लास्टिक सफेद बोरियां मिली। बोरियों को खोलकर देखने पर साडिय़ां भरी हुई थीं। वाहन में 99 बोरियों में कुल 16 हजार साडिय़ां थी।
पूछताछ करने पर आरोपियोंने इसे चिरकुंडा धनबाद से लोड कर सूरत ले जाना बताया। उक्त साडिय़ों के संबंध में सहदेव राना को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया लेकिन उन्होंने कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।
पुलिस की टीम ने उक्त संदिग्ध व्यक्ति के पास से आईचर ट्रक कीमती लगभग 10 लाख रुपए एवं ट्रक के डाला में 99 बोरियों में भरी हुई लगभग 16 हजार साड़ी कीमती लगभग 1 करोड़ बरामद कर थाना सिंघोडा में अपराध धारा 102 के तहत् कार्रवाई की गई है।