महासमुन्द
समर्थकों ने नाम निर्देशन पत्र खरीदा है, इससे पहले राशि महिलांग के समर्थकों ने खरीदा था
कांग्रेस ने बहुत मान सम्मान दिया है, आगे भी पार्टी की गाईड लाईन का पालन करते रहूंगा-विनोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अक्टूबर। कांग्रेस नेत्री नपाध्यक्ष राशि महिलांग के मनौव्व्ल के बाद भी कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर की परशानियां कम होते नहीं दिख रही हैं। शहर में चर्चा है कि विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर के समर्थकों ने भी नाम निर्देशन पत्र खरीदे हैं।
कल सुबह संसदीय सचिव के श्री चंद्राकर के निवास पर जुटी सैकड़ों कार्यकर्ताओं की भीड़ देखकर महासमुंद में एक नई चर्चा छिड़ी हुई है कि श्री चंद्राकर नामांकन दाखिले के अंतिम दिन 30 अक्टूबर को नामांकन दाखिल कर सकते हैं।
हालांकि विनोद चंद्राकर ने ‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत में कहा है कि कांग्रेस ने उन्हें बहुत मान सम्मान दिया है और आगे भी पार्टी के गाईड लाईन का पालन करेंगे।
मालूम हो कि महासमुंद में कुछ दिनों से प्रदेश में कांग्रेस की कुछ सीटों पर प्रत्याशी बदले जाने की संभावनाओं को लेकर खबरें चल रही हैं। महासमुंद स्थित अपने निवास से संसदीय सचिव श्री चंद्राकर कुछ दिनों से बाहर थे। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे वे महासमुंद पहुंचे तो सैकड़ों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका नारेबाजी के साथ जोशीला स्वागत किया। कांग्रेस प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर के चुनाव कार्यालय में मौजूद अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता भी उनके निवास पर पहुंचे थे।
इस अवसर पर वहीं पर श्री चंद्राकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि पार्टी के लाइन पर ही चलेंगे। लेकिन इसी दिन दोपहर कुछ समर्थकों द्वारा कांग्रेस से नाम निर्देशन पत्र खरीदे जाने के बाद से अटकलों का बाजार गर्म हो गया।
श्री चंद्राकर का अब भी कहना है कि समर्थकों ने नाम निर्देशन पत्र जरूर खरीदा है। लेकिन मैंने नामांकन दाखिल करने के संबंध में विचार नहीं किया है। कल भी सैकड़ों की संख्या में समर्थक उनके निवास पर डटे रहे और विनोद चंद्राकर ने चुनाव लडऩे के लिए सभी आग्रह करते रहे। ऐसे ही बीते हफ्ते हुआ था जब नपाध्यक्ष राशि महिलांग के समर्थकों ने नामांकन फार्म खरीदा था। जोगी पार्टी की लिस्ट में उनका नाम भी आ गया था लेकिन मुख्यमंत्री निवास में मान मनौव्वल के बाद वे शांत हुई थीं।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस ने विनोद चंद्राकर की टिकट काटकर जिला कांग्रेसाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। डॉ. रश्मि के प्रत्याशी घोषित होने के बाद भी संसदीय सचिव श्री चंद्राकर कहते रहे हैं कि कांग्रेस ने बहुत सम्मान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी का काम करने के लिए लगातार प्रेरित किया है। इस खबर के बीच कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रश्मि चंद्राकर दिनभर ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार में जुटी रहीं।
उपरोक्त घटनाक्रम के बाद अटकलों का बाजार गर्म है। कांग्रेस प्रत्याशी बदलने की संभावनाओं को लेकर चौक-चौराहों पर कयास लगाये जा रहे हैं। चूंकि विनोद चंद्राकर के लिए कांग्रेस के नाम पर नाम निर्देशन पत्र भी खरीद लिया गया है। इस वजह से इस चर्चा को बल मिल रहा है।
कांग्रेस प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद भी संसदीय सचिव श्री चंद्राकर के लिए नाम निर्देशन पत्र खरीदे जाने का कारण लोग चर्चा के जरिए ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस के बसना व सरायपाली के अधिकृत प्रत्याशी क्रमश: विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह तथा चातुरी नंद अभी तक नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं कर पाए हैं। जबकि 30 अक्टूबर सोमवार को नामांकन दाखिले का अंतिम दिन है।
बताया गया है कि बसना प्रत्याशी देवेंद्र बहादुर सिंह 27 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करने आए थे। निर्धारित समय 3 बजे के बाद पहुंचने के कारण उनका नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं हो पाया। जबकि महासमुंद प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर व खल्लारी प्रत्याशी द्वारिकाधीश यादव पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं।