महासमुन्द
ओडिशा से महासमुंद के रास्ते महाराष्ट्र ले जा रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अक्टूबर। लग्जरी कार से गांजा तस्करी करते महाराष्ट्र के 4 अन्तरराज्यीय तस्करों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से 40 किलोग्राम कीमती 20 लाख रुपए, गांजा परिवहन में प्रयुक्त एक कार कीमती 20 लाख रुपए, 4 मोबाइल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार थाना सिंघोड़ा की टीम को 27 अक्टूबर को सूचना मिली कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा की एक खेप सिंघोड़ा के रास्ते महाराष्ट्र निकलने वाली है। मुखबिर की इस सूचना पर थाना सिंघोड़ा की टीम त्वरित रूप से नेशनल हाईवे 53 पर नाकेबंदी के लिए पहुंची। तभी ओडिशा से सफेद रंग की टोयटा इनोवा कार आते देखी, जिसे ग्राम रेहटीखोल में रोका गया।
वाहन में चार व्यक्ति सवार थे। उन्हें कार से उतार कर पूछताछ शुरू की गई। कार में बैठे लोगों ने अपना नाम अमीन अकबर शेख (22) भिंगार नगर महाराष्ट्र, कामरान आरिफ शेख (20) भिंगार महाराष्ट्र, मो. कैफ शेख (20) भिंगार महाराष्ट्र, शाहरूख आलम शेख (30) पानम लकणमला नागर देवले महाराष्ट्र बताया।
पूछताछ के बाद कार तलाशी शुरू हुई। कार की डिक्की चेक करने पर पुलिस को पीछे की डिक्की से 40 नग खाकी रंग के टेप से टेपिंग किया हुआ गांजा मिला।
गांजा परिवहन करने के वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर आरोपियों के कब्जे से 40 किलोग्राम गांजा कीमती 20 लाख रुपए, कार कीमती 20 लाख रुपए, 4 मोबाइल बरामद कर आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया। थाना सिंघोड़ा में आरोपियों के धारा 20 ख नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।