महासमुन्द
विस्फोट के पीछे शरारती तत्वों के हाथ की आशंका-पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा/महासमुंद, 29 अक्टूबर। ओडिशा महासमुंद बार्डर पर बसे गांव टेमरी थाना कोमाखान निवासी उपसरपंच राधे लाल साहू के घर में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात जोरदार विस्फोट हुई। इस विस्पोट से उनके घर की ऊपरी मंजिल की दीवार से लगे टायलेट बाथरूम की दीवार में लगी टाईल्स गिर गयी। किसी तरह घर के लोगों के दहशत के बीच रात गुजारी।
शनिवार सुबह देखा कि घर में कई जगह प्लास्टर में दरार है और टायलेट बाथरूम में लगी टाइल्स झड़ गई हैं। रात के सन्नाटे में गांव वालों ने भी धमाके की आवाज सुनी थी। अत: सुबह पूरा गांव राधे लाल साहू के घर पहुंचा था। इस घटना से गांव वाले हतप्रभ एवं चिंतित दिखे।
राधे लाल साहू भाजपा नेता हैं और वर्तमान में उपसरपंच हैं। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस विस्फोट से जान माल की हानि नहीं हुई है।
विस्फोट के बाद गांव वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तस्दीक के लिए गई पुलिस ने वहां देखा कि से राधे लाल साहू के घर के पिल्हर के बीच विस्फोट हुआ है, जहां से एक तार ट््यूबवेल तक गया है। पुलिस के अनुसार यही तार घटना को इंगित कर रहा है। घटना स्थल पर सुबह पहुंची पुलिस ने इसकी पड़ताल विभिन्न कोणों से शुरू की और शाम होते-होते पुलिस इस निष्कर्ष पर जा पहुंची कि घटना के पीछे शरारती तत्वों का हाथ है। विस्फोट की जांच पुलिस कई दिशाओं से कर रही है।
पुलिस इस मामले में रविवार को इस मामले की खुलासा करने वाली है। कल सुबह जब घटना की खबर फैली तो इसे आईडी विस्फोट या ओडिशा सीमा से लगे होने के कारण नक्सल आदि एंगल होने के कयास लगाये जा रहे थे। पुलिस ने भी देखा कि ब्यारे से लगी घर की दीवार एवं पिल्हर के बीच में विस्फोट से चिन्ह साफ दिख रहे हैं। पिल्हर में दरारें आ गयी थीं। खिडक़ी के स्लेब का प्लास्टर उखड़ गया था। ऊपरी मंजिल की दीवार से लगे टायलेट बाथरूम की दीवार में लगी टाईल्स गिर गयी थी। कुछ जगह प्लास्टर में दरार भी दिखी।
इस संबंध में राधे साहू की पुत्रवधु मेघा साहू ने आशंका व्यक्त की है कि गत दिनों गांव की जमीन संबंधी हुए एक विवाद से यह विस्फोट जुड़ा हो सकता है। लिहाजा कोमाखान थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम टेमरी में पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर जा पहुंची थी। नवपदस्थ डीएसपी पीसी यार्क, कोमाखान टीआई रामावतार पटेल, टुहलू पुलिस चौकी प्रभारी राजीव नाहर सहित बागबाहरा थाना पुलिस ने विभिन्न कोणों से पड़ताल शुरू कर दी। एडीशनल एसपी आकाश राव भी वहां खुद पहुंचे और आवश्यक मार्गदर्शन दिये थे।
शनिवार शाम डीएसपी श्री यार्क ने बताया कि यह मामला स्थानीय तत्वों की हरकत लगती है। अभी विवेचना जारी है। उन्होंने बताया कि राधे साहू के घर रात लगभग डेढ़ बजे एक विस्फोट हुआ। पूरा गांव सो रहा था। उपसरपंच का परिवार भी नींद में था, तभी यह विस्फोट हुआ। विस्फोट की वजह से घर में सो रहे सभी लोग घबरा कर उठ गये। सबसे पहले उन्होंने सोचा कि गैस सिलेंडर तो नहीं फटा? लेकिन किचन में देखने पर वहां सब सह सलामत था। उसके बाद वे छत पर गये और टार्च की रोशनी से पता लगाने की कोशिश की। लेकिन कुछ पता नहीं चला। धमाके से उप सरपंच के घर समेत आसपास के घरों में भी दरारें आई हैं। पुलिस को घर के पीछे तार भी बिछे मिले हंै। फिलहाल पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है।


