महासमुन्द

इस साल का आखिरी चंद्रग्रहण आज रात को
28-Oct-2023 3:28 PM
इस साल का आखिरी  चंद्रग्रहण आज रात को

तुलसी के पत्ते तोडक़र खाने-पीने की चीजों में डालेें-पंकज 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 अक्टूबर। नगर पंडित पंकज तिवारी के  मुताबिक इस वर्ष का आखिरी चंद्र ग्रहण शनिवार रात को लगने जा रहा है। यह ग्रहण चूंकि भारत में भी दिखाई देगा। इसलिए ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक हमारे देश में सूतक काल लगेगा और उससे जुड़े तमाम नियम भी लागू होंगे।

उन्होंने कहा कि जब भी ग्रहण लगता है, तो उससे पहले तुलसी के पत्ते तोडक़र खाने-पीने की चीजों में डालने की परंपरा है। विज्ञान में भी तुलसी को एंटी-बैक्टीरियल पौधा कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि चंद्र ग्रहण आज 28 अक्टूबर को देर रात 1 बजकर 05 बजे शुरू होगा और 2 बजकर 24 मिनट पर खत्म हो जाएगा।

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार जब भी चंद्र ग्रहण लगता है तो उससे 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। इस हिसाब से आज शाम 4 बजकर 5 मिनट से सूतक काल शुरू हो जाएगा। इस दौरान कई नियमों का पालन किया जाता है। सूतक काल शुरू होने से लेकर ग्रहण खत्म होने तक खाना बनाने या खाना वर्जित होता है। हालांकि बीमार, बच्चे और बुजुर्ग लोग भोजन कर सकते हैं। सूतक काल के दौरान गर्भवती महिलाओं को सुईं, चाकू, कैंची, मशीन समेत किसी भी तरह की नुकीली चीज का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इस अवधि के दौरान घर से बाहर निकलने और  पूजा पाठ करने भी मनाही होती है। हालांकि मन में जाप जरूर कर सकते हैं।

ज्योतिष शास्त्रियों के मुताबिक जब भी कोई ग्रहण लगता है तो जातकों को उसका नकारात्मक प्रभाव झेलना पड़ता है। तुलसी को इस तरह के नकारात्मक प्रभावों का खात्मा करने का रामबाण माना जाता है। कहते हैं कि अगर किसी भी चीज में तुलसी का एक भी पत्ता डाल दिया जाए तो वह चीज कभी भी अशुद्ध नहीं हो सकती। दूसरी बात ये है कि तुलसी में तमाम एंटी.बैक्टीरियल तत्व होते हैं, जो खाने-पीने की चीजों को बैक्टीरिया से दूषित होने से बचाते हैं। इसलिए ग्रहण के दौरान तुलसी के पत्ते इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।


अन्य पोस्ट