महासमुन्द

शोभायात्रा निकालकर 20 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
26-Oct-2023 2:33 PM
शोभायात्रा निकालकर 20 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 26 अक्टूबर।
नवरात्रि में शक्ति की भक्ति का दौर मंगलवार को जोत जवांरा विसर्जन के साथ ही थम गया। शुक्रवार को नगर में 20 से अधिक दुर्गा पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का धूमधाम और जुलूस के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान लोक नृत्य और जसगीत की धुन पर श्रध्दालु झुमते रहे। 

अलग-अलग मोहल्लों में सजाए गए दुर्गा पंडाल के सदस्यों ने व्यवस्थित ढंग से अपने अपने जुलूस निकाल कर विसर्जन किया। दुर्गा समिति के सदस्य विशेष पोशाक के साथ मां दुर्गा की शोभायात्रा में झूम रहे थे। नगर के लोगों को यह नजारा काफी पंसद आ रहा था। जुलूस में गाजे बाजे और जसगीतों के बीच समूचा नगर विसर्जन की टोलियों को निहार रहा था। वहीं जगह-जगह पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा दुर्गा समिति के लिए जलपान व शीतल पेय की व्यवस्था की गई थी।

दुर्गा विसर्जन को लेकर नगर में खासा उत्साह- विभिन्न दुर्गोत्सव समितियों के सदस्यों ने मां जगत जननी के विसर्जन का कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए डीजे और धुमाल की व्यवस्था कर रखी थी। फूलों से सजे हुए वाहनों में मां दुर्गा की प्रतिमा के आगे आतिशबाजी और नाच गाने के साथ जुलूस के साथ श्रध्दालुओं का रैला धीरे धीरे आगे बढ़ रहा था। मां दुर्गा की विदाई के इस जुलूस में अनेक भक्तों की आखों में आंसू भी बह रहे थे। पंडालों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं का नैकिन तालाब व मंडी तालाब में पूरी श्रध्दा और आस्था के साथ विसर्जन किया गया। 

पुलिस ने किया सुरक्षा के विशेष इंतजाम
दुर्गा विसर्जन के दौरान पूरे शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के हर चौक चौराहों पर पुलिस जवान तैनात किए गए थे।
 एसडीओपी डॉ यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेश साहू के नेतृत्व में नगर में सतत पेट्रोलिंग की जा रही थी। दुर्गा विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस जवान मौजूद थे। विसर्जन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
 


अन्य पोस्ट