महासमुन्द

कांग्रेस की नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने छजकां से नामांकन पत्र खरीदा, महासमुंद में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
26-Oct-2023 2:31 PM
कांग्रेस की नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने छजकां से नामांकन पत्र खरीदा, महासमुंद में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 अक्टूबर।
इस वक्त महासमुंद कांग्रेस में बगावत के सुर उठने शुरू हो गए हैं। यहां से कांग्रेस से टिकट की दावेदारी करने वाली कांग्रेस की नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने छजकां पार्टी से अपना नामांकन पत्र खरीदा है। राशि त्रिभुवन महिलांग के नामांकन खरीदने के बाद अब कांग्रेस में बगावती तेवर दिखाई पड़ रहे हैं। 

महासमुंद के चौक-चौराहों पर चर्चा आम है कि छजकां से नामांकन फार्म खरीदने के पीछे की कहानी कुछ और है। वास्तव में उनके फार्म खरीदने की कहना कुछ होगी तो उनका यह फैसला कांग्रेस और भाजपा दोनों को अलग मोड़ पर ला खड़ी कर देगी। 

वर्तमान में महासमुंद में भाजपा-कांग्रेस का सीधा मुकाबला है। यदि राशि महिलांग किसी अन्य पार्टी से उम्मीदवारी करती है तो यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो जाएगा।
चर्चा तो यह भी है कि आज मुख्यमंत्री ने राशि महिलांग को रायुपर आमंत्रित किया है। बहरहाल कांग्रेस के बड़े नेता डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं।  

जनसंपर्क कार्यालय से जारी खबर के अनुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए कल बुधवार को कुल 7 नामांकन फार्म खरीदे गए हैं। जिसमें महासमुंद विधानसभा से 01, बसना से 02, सरायपाली से 03 एवं खल्लारी से 01 अभ्यर्थी शामिल हैं। अब तक 6 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया है। 

नामांकन फार्म लेने वालों में महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से नपाध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग जनता कांग्रेस छतीसगढ़ जे., खल्लारी विधानसभा क्षेत्र से दीनदयाल दीवान हमर राज पार्टी, बसना विधानसभा क्षेत्र से अजय रात्रे गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, जगदीश सिदार हमर राज पार्टी, सरायपाली विधानसभा क्षेत्र से जयनारायण किशोर बहुजन समाज पार्टी,बिरितिया चौहान हमर राज पार्टी व अजित कुमार चौहान निर्दलीय शामिल हैं।

इस खबर से यह स्पष्ट है कि कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज राशि महिलांग ने शायद अब अपनी बारी खेलने के लिए दूसरी पार्टी के टीम से उतरने की ठान लिया है। हालांकि अभी तक यह बात पार्टियों की ओर से खुलकर सामने नहीं आई है कि राशि महिलांग कांग्रेस छोडक़र दूसरी टीम से दावेदारी करेंगी या फिर कांग्रेस आला नेताओं के  मान मनौव्वल से राजी होकर वे कांग्रेस टीम में फील्डिंग करेंगी। 

ज्ञात हो कि राशि महिलांग साल 2004 में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच के बैनर तले नगरपालिका का चुनाव लडक़र नपाध्यक्ष बनी थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनके पति त्रिभुवन महिलांग ने भी जनता कांग्रेस छतीसगढ़ जे. विधानसभा की उम्मीदवारी की थी और 24 हजार 839 वोट लेकर तीसरे स्थान पर थे। जबकि भाजपा के पूनम चंद्राकर को 26 हजार 290 मत पड़े थे और वे दूसरे स्थान पर  थे। इसी समय निर्दलीय मनोजकांत साहू को 21 हजार 911 वोट पड़े थे और वे चौथे स्थान पर थे। जबकि पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा 21 हजार 160 मतों के साथ पांचवें स्थान पर थे। 

आज सीएम ने रायुपर बुलाया है

राशि महिलांग ने ‘छत्तीसगढ़’से बातचीत में कहा-टिकट नहीं मिलने से शहर और गांवों के मेरे समर्थकों और कार्यकर्ताओं में निराशा है। कार्यकर्ता समूहों में घर पर आ रहे हैं और किसी भी स्थिति में चुनाव लडऩे का आग्रह कर रहे हंै। उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुये मैंने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ जे पार्टी की ओर से नाम निर्देशन पत्र लिया है। अभी नामांकन दाखिले का निर्णय नहीं लिया है। सीएम हाउस से बुलावा आया है। आज ही 26 अक्टूबर को सीएम हाउस जाउंगी।


अन्य पोस्ट