महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूबर। क्वांर नवरात्रि पर्व के नवमें दिन दुर्गोत्सव पंडालों में विराजित भव्य प्रतिमाओं का विसर्जन शोभायात्रा निकाल कर की गई। कई जगह दशमी के दिन भी विसर्जन किया गया।
दर्जनों दुर्गोत्सव समितियों ने शोभायात्रा के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन किया, वहीं ज्योति जंवारा का विसर्जन भी भक्ति के साथ किया गया।
नगर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दर्शकों की बड़ी संख्या में भीड़ मुख्य सडक़ के दोनों ओर उमड़ पड़ी थी। विसर्जन यात्रा एवं भीड़ को नियंत्रण करने पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ती है। घंटों चक्काजाम की स्थिति रही। प्रतिमाओं का विसर्जन टामकी तालाब में किया गया।
इस बार विसर्जन का सिलसिला दोपहर बारह बजे के आसपास हुआ। दुर्गोत्सव पंडालों में प्रज्जवलित ज्योत एवं जंवारा लिए महिलाओं की कतार मुख्य आकर्षण रहीं। डीजे, माता सेवा गायक दलों में बड़े-बड़े सांग लिए युवाओं को नाचते-थिरकते देखने लोगों की हुजूम एकत्र हुई। दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन देर शाम तक चलता रहा। जिसके कारण विसर्जन स्थल तालाब की मेड़ पर पूरे समय भीड़ लगी रही। पुलिस को भीड़ एवं विसर्जन व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मशक्कत करनी पड़ी।
नवपदस्थ एसडीओपी श्री पार्क एवं टीआई महेश साहू पूरे समय व्यवस्था बनाने सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं ने तालाब घाट में माता की अंतिम आरती के बाद नम आंखों से विदा देकर प्रतिमाओं का विसर्जन किया।