महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 अक्टूबर। सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम तोरेसिंहा में निर्माणाधीन सडक़ पर सोमवार को एक बाइक सवार गिर गया। जिसके बाद वह रोड निर्माण में लगे जेसीबी मशीन को पत्थर मारकर तोडफ़ोड़ करने लगा।
मना करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जेसीबी ड्राइवर की पिटाई कर दी।
थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, फरीद नगर सुपेला चौक भिलाई निवासी इज्राइल अली वर्तमान में चौधरी कॉम्पलेक्स तोरेसिंहा में किराये लेकर रोड निर्माण में लगे जेसीबी मशीन चलाने का काम करता है। उनका काम ग्राम तोरेसिंहा रोड निर्माण में चल रहा है।
23 अक्टूबर की शाम करीब 7.30 बजे जेसीबी मशीन को चौधरी कॉम्पलेक्स के सामने रोड किनारे खड़ी कर कमरे में खाना बना रहा था। उसी समय एक व्यक्ति स्वयं के मोटर सायकल से निर्माणाधीन रोड पर लापरवाही से वाहन चलाते गिर गया। वह अपने साथी विश्वजीत प्रधान, निलेश भोई व दो अन्य के साथ रोड निर्माण कंपनी वालों को अश्लील गाली गलौज करते हुए चौधरी कॉम्पलेक्स के पास आया और रोड पर खड़ी जेसीबी मशीन को पत्थर मारकर तोड़ फोड़ करने लगे। इसे देख इज्राइल अली बाहर निकलकर मना किया। इससे नाराज युवकों ने उसे जान सहित मारकर फेंक देने की धमकी देकर हाथ मुक्के से मारपीट की। विश्वजीत प्रधान व निलेश भोई दोनों ने पत्थर फेंककर मारा। इससे इज्राइल के सिर पर पत्थर लगने से सिर फट गया है।
पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी विश्वजीत प्रधान, निलेश भोई व एक अन्य के खिलाफ 294, 323, 34, 427, 506 के तहत अपराध कायम किया है।