महासमुन्द

चुनाव पर्यवेक्षक सीमावर्ती इलाकों का किया दौरा, अफसरों से चर्चा
23-Oct-2023 3:36 PM
चुनाव पर्यवेक्षक सीमावर्ती इलाकों का किया दौरा, अफसरों से चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अक्टूबर।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बसना और सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक योगेश कुमार शर्मा ने  रविवार  को सरायपाली विधानसभा अंतर्गत अंतर राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल, पलसापाली एवं डोंगरपाली अंतर्जिला तथा बसना विधानसभा अंतर्गत किशनपुर अंतर्जिला चेक पोस्ट का निरीक्षण किया।

उन्होंने यहां तैनात एसएसटी टीम से जानकारी लेकर संधारित पंजी का अवलोकन भी किया तथा विधान सभा क्षेत्र सरायपाली एवं बसना के बैंक अधिकारी एवं कर्मचारियों से व्यय के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।

उन्होंने 24 घंटे सतत् निगरानी के निर्देश दिए और किसी भी तहत के अवैध परिवहन और निकासी कर कड़ी नजर रखते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। इस दौरान बसना विधानसभा के निर्वाचन अधिकारी श्री दुर्गेश वर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी, श्री नितिन ठाकुर एवं सरायपाली के निर्वाचन अधिकारी श्री ओमकारेश्वर सिंह एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी श्री कृष्ण कुमार साहू लाईजनिंग अधिकारी श्री यू.आर बसंत, तहसीलदार बसना, एसडीओपी सरायपाली एवं थाना प्रभारी सिंघोडा मौजूद थे।

व्यय प्रेक्षक श्री शर्मा ने चेकपोस्ट में की जा रही कार्यवाही का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग से गुजरने वाले सभी वाहनों की अनिवार्य रूप से जांच करने के निर्देश दिए। जिससे कि निर्वाचन के दौरान अवैध रूप से नगदी, शराब अथवा अन्य कोई भी समान जो कि मतदाताओं को प्रलोभन के लिए दिए जा सकता है उसकी रोकथाम सुनिश्चित की जा सकती है।


अन्य पोस्ट