महासमुन्द
विनोद और किस्मत को जगह नहीं मिली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अक्टूबर। कांग्रेस ने पहली बार महासमुंद जिले के दो सीटों पर महिला प्रत्याशी उतारा है। महासमुंद के वर्तमान विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर के स्थान पर डॉ. रश्मि चंद्राकर और सरायपाली विधायक किस्मत लाल नंद के स्थान पर चातुरी डिग्रीलाल नंद को प्रत्याशी बनाया गया है।
चातुरी नंद भुकेल स्कूल में व्याख्याता हैं और रश्मि चंद्राकर डॉक्टर हैं। चातुरी नंद की नियुक्ति 1998 में हुई थी। इन्होंने चौहान सेना बनाकर सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता से कार्य किया है। वर्तमान में वे चौहान सेना की प्रदेशाध्यक्ष हैं। इनका यह पहला चुनाव है।
डॉ. रश्मि चंद्राकर बीएएमएस शिक्षित हैं। बकली राजिम उनका मायका है। बेमचा में उनका ससुराल है। उनके ससुर व पति चिकित्सक हैं। पूर्व में वे बेमचा से जनपद सदस्य चुनकर महासमुंद जनपद अध्यक्ष बनी थीं और ढाई सालों बाद उन्हें कुर्सी से उतार दिया गया था। वर्तमान में वे कांग्रेस की जिलाध्यक्ष हैं।
इस तरह जिले के महासमुंद विधानसभा में भाजपा के योगेश्वर राजू सिन्हा और कांग्रेस की डॉ. रश्मि चंद्राकर, खल्लारी में भाजपा की अल्का चंद्राकर और कांग्रेस के द्वारिकाधीश यादव, बसना में भाजपा के संपत अग्रवाल और कांग्रेस के राजा देवेन्द्र बहादुर सिंह तथा सरायपाली में भाजपा की सरला कोसरिया और कांग्रेस की चातुरी नंद के बीच सीधा मुकाबला है।
.jpg)