महासमुन्द

सूचना आयोग के आदेश की अवहेलना, पंचायत सचिव को पच्चीस हजार जुर्माना
23-Oct-2023 3:15 PM
सूचना आयोग के आदेश की अवहेलना, पंचायत सचिव को पच्चीस हजार जुर्माना

जुर्माने की राशि सचिव के वेतन से कटौती होगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अक्टूबर।
सूचना आयुक्त मनोज त्रिवेदी ने परघिया सरायपाली के पंचायत सचिव को आयोग के आदेश का पालन नहीं करने के कारण 25 हजार रुपए अर्थदंड का आदेश पारित किया है। लिहाजा परघिया सचिव के वेतन से उक्त राशि की कटौती की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि जनसूचना अधिकारी ने सूचना आयोग को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग में 5 सितम्बर 2019 को शिकायत की थी कि जनसूचना अधिकारी परघिया सरायपाली के द्वारा अपील प्रकरण क्रमांक 1660/2018 में पारित आदेश का पालन नहीं किया गया है। हुआ यह था कि सचिव अरूण कुमार बुड़ेक ने छ.ग. राज्य सूचना आयोग के 16 मई 2019 के पारित अंतिम आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद सचिव ने यह प्रकरण सूचना आयोग में दायर होने व नोटिस मिलने के बाद अत्याधिक बिलंब से सूचना दस्तावेज डाक से भेज दिया। 

सुनवाई के दौरान सूचना आयोग में जनसूचना अधिकारी ने सूचना दस्तावेज आवेदक को प्रदाय कर दिये का बयान दिया। जिसमें शिकायतकर्ता विनोद कुमार दास ने आपत्ति दर्ज किया कि सूचना दस्तावेज अपूर्ण एवं सत्यापित नहीं है। शिकायत प्रकरण में 21 सितम्बर 2023 को सुनवाई में सूचना आयुक्त एम.के.त्रिवेदी ने समस्त दस्तावेजों का अवलोकन किया और पाया कि जनसूचना अधिकारी ने आवेदक को अत्याधिक बिलंब से जानकारी दी है। उन्होंने क्षतिपूर्ति प्रदान करने तथा बिलंब का कोई समाधानकारक कारण का जबाब सूचना आयोग में प्रस्तुत नहीं किया है। इसलिए धारा 20(1) के तहत 25 हजार रुपए जुर्माने का आदेश दिया है। सूचना आयुक्त ने उक्त जुर्माना राशि को सचिव अरूण कुमार बुडेक के वेतन से वसूल करके शासकीय कोष में जमा कराने का निर्देश सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा को किया है।


अन्य पोस्ट