महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अक्टूबर। बीते दो दिनों से शहर सहित अंचल में सुबह तथा रात में गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि अभी दिन में उमस भरी गर्मी समाप्त नहीं हुई है। लेकिन रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। आज सुबह महासमुंद शहर कोहरे की चादर ओढ़ रहा था, जबकि कल दोपहर आसमान पर हल्के बदल भी दिखाई दे रहे थे। सप्ताह भर के भीतर ठंड शुरू होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार दिन में धूप अवश्य तेजी दिखाई दे रही है। लेकिन शाम होने के बाद मौसम ठंडा हो जाता है। सुबह से धूप खिली रहती है। अंधेरा जल्द होने लगा है। रात लंबी और दिन छोटे हो रहे हैं। शाम होने के साथ ही फिजाओं में हल्की ठंडक घुलने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक दिन का तापमान 32 डिग्री और रात का तापमान 17 डिग्री तक पहुंच गया है। दिन में कूलर या एयरकंडीशन की आवश्यकता नहीं पड़ रही है।
लोगों को पंखे की रफ्तार कम करके सोना पड़ रहा है। रात में हल्की ठंड की वजह से चादर ओढऩा पड़ रहा है। घर के बाहर या आंगन में खड़े वाहन रात में ओस से गीले हो जाते हैं। सुबह-सुबह पेड़ की पत्तियों और फूलों में ओस की बूंदें दिखाई देने लगी हैं। घास में ओस की बूंदों की चादर दिखने लगी हैं। ओस के कारण घास गीली हो रही हैं। सुबह-सुबह सैर करने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और अधिकांश लोग सुबह-सुबह सडक़ों पर दिखाई देने लगे हैं।