महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अक्टूबर। महासमुंद पुलिस का आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अन्तरराज्यीय सीमाओं की जांच चौकी सहित प्रमुख सडक़ मार्गों में अवैध नगदी व मादक पदार्थों तस्करी को रोकने मुहिम जारी है। वाहन चेकिंग के दौरान तीन अलग-अलग मामलों में 3 वाहनों से 6 लाख, 82 हजार 150 रुपए नगदी के साथ 7 से पूछताछ जारी है।
बसना थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव घोषणा के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता व धारा 144 लागू कर दी गयी है। चुनाव से पहले अवैध नकदी व मादक पदार्थों तस्करी रोकने पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर कड़ी नजर रखते हुए अन्तर राज्यीय जांच चौकी में नाकाबंदी कर नगर में प्रवेश कर रहे प्रत्येक वाहनों की गहनता के साथ जांच कर रही है।
इसी दौरान कल हुए पहले मामले में अन्तरराज्यीय जांच चौकी पलसापाली में ओडिशा की तरफ से आ रही टाटा सफ ारी को रोककर पूछताछ की गई। कार में सुधानिधी दीप 37 वर्ष, निवासी नंदनीनगर बलांगीर, राजा साहू 33 वर्ष निवासी कंसारी पाडा, अजीत कुम्हार 18 वर्ष निवासी साहजबहाल और सांतनू नंद 25 वर्ष निवासी तालपाली ओडिशा बैठे थे। पूछताछ के बाद जांच करने पर वाहन के बीच सीट में हरा पीला रंग के बैग के अंदर से 500, 200,100 रुपए के भारतीय करंसी नोट कुल 2 लाख, 98 हजार, 700 रुपए मिले। उक्त नगदी रकम के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण पूरी राशि. घटना में प्रयुक्त वाहन टाटा सफारी जब्त किया गया।
कल ही दूसरे मामले में अन्तर राज्यीय जांच चौकी पलसापाली में ओडिशा को ओर से आ रहे बोलेरो वाहन को रोका गया। वाहन में चिराग गोवानी 19 साल रामेश्वर नगर बलांगीर बैठा कार चला रहा था। पूछताछ करने के बाद वाहन के बीच सीट में रखे काले रंग के बैग अंदर से 500, 200, 100 एवं 50 रुपए के नोट कुल 83 हजार 450 रुपए मिले। इस मामले में भी नगदी रकम के संबंध में वैध दस्तावेज पेश न करने पर पुलिस में नगद राशि 83 हजार 450 रु पए तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बलेनो जब्त किया है।
तीसरे मामले में ओडिशा की ओर से आ रही मारूती ब्रेजा कार को छुईपाली टोल प्लाजा के पास रोककर पूछताछ की गई। कार में बैठे लोगों ने अपना नाम मोहम्मद इरफान 23 वर्ष निवासी पेंशनबाडा संबलपुर, सैय्यद शोहेब अली 23 वर्ष निवासी माया बगीचा संबलपुर थाना धनुपाली बताया। पूछताछ के बाद कार की तलाशी ली गई। वाहन के क्लब बॉक्स में रखे 500-500 के 600 नग नोट जुमला 3 लाख रुपए मिले। नगद रकम के संबंध में वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर नगद रकम एवं घटना में प्रयुक्त मारूती ब्रेजा को पुलिस ने जब्त किया है।