महासमुन्द

खल्लारी-बसना में भाजपा-कांग्रेस का सीधा मुकाबला, महासमुंद-सरायपाली अभी तक धुंध में
19-Oct-2023 8:54 PM
खल्लारी-बसना में भाजपा-कांग्रेस का सीधा मुकाबला, महासमुंद-सरायपाली अभी तक धुंध में

खल्लारी से देवेन्द्र-अल्का, बसना से देवेन्द्र बहादुर-संपत आमने-सामने

उत्तरा विदानी

महासमुंद, 19 अक्टूबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। कांग्रेस ने कल बसना विधायक और राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष देवेंद्र बहादुर सिंह को बसना तथा खल्लारी विधायक व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव को खल्लारी विधानसभा क्षेत्र से अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि महासमुंद और सरायपाली की टिकट पर अभी भी धुंध छाया हुआ है। स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही यहां कुछ कहा जा सकेगा।

भाजपा की खल्लारी और सरायपाली की टिकट तो 2 माह पहले ही घोषित हो चुकी थी। इस तरह भाजपा प्रत्याशियों को प्रचार के लिए ज्यादा समय मिला है। अभी तक बसना और खल्लारी में सीधा मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही माना जा रहा है।

कहा जा रहा है कि वर्तमान विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह पर पुन: भरोसा करते हुए उनके कामकाज पर कांग्रेस ने मुहर लगाई है। 2018 में श्री सिंह ने भाजपा प्रत्याशी दुर्गाचरण पटेल को 31 हजार 141 मतों से हराकर भाजपा को तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया था। चर्चा थी कि भाजपा को बाहर से प्रत्याशी लाकर चुनाव लड़ाने का प्रयोग भारी पड़ा। भाजपा ने तब संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी की टिकट काटकर दुर्गाचरण पटेल को यहां से टिकट दिया था। इसी वक्त भाजपा के बागी प्रत्याशी पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष संपत अग्रवाल ने नामांकन दाखिल किया और श्री अग्रवाल 50 हजार 027 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

इस बार भाजपा ने यहां कोलता और अघरिया जैसे जातिगत समीकरणों से परे जाकर संपत अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। चूंकि 2018 के चुनाव में संपत अग्रवाल ने भाजपा से ज्यादा वोट बटोरकर यह जता दिया था कि भाजपा के पास उनसे बड़ा कोई प्रत्याशी नहीं है। जबकि फुलझर रियासत के राज परिवार का सरायपाली से लेकर पूरे बसना विधानसभा क्षेत्र में अपना विशेष प्रभाव है। देेवेन्द्र बहादुर सिंह सिंह अब तक 4 बार विधायक रह चुके हैं। उनके परिवार के सदस्य भी बसना व सरायपाली सीट से अनेक बार विधायक बने। कहा जा रहा है कि राजपरिवार और कांग्रेस की साझा ताकत के बीच भाजपा के साथ रोचक मुकाबला लोगों को यहां देखने मिलेगा।

खल्लारी से विधायक व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव पर दुबारा भरोसा कर कांग्रेस ने उन्हें मैदान में उतारा है। श्री यादव ने 2018 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी मोनिका दिलीप साहू को 56 हजार 978 मतों से हराकर रिकार्ड बनाया था। श्री यादव को 96 हजार 108 तथा मोनिका साहू को 39 हजार 130 वोट मिले थे। इस बार कांग्रेस के द्वारिकाधीश यादव से सीधा मुकाबला भाजपा की अल्का चंद्राकर से है।

भाजपा ने पहले ही सूची जारी कर सरायपाली से सरला कोसरिया और महासमुंद से योगेश्वर राजू सिन्हा को मैदान में उतारा है।

महासमुंद और सरायपाली के कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा अभी तक नहीं हो सकी है। दोनों ही सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी का इंतजार है। आज से महज 2 दिन बाद 21 अक्टूबर से नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। महासमुंद की राजनीति में कुर्मी परिवारों की बड़ी पैठ है, वहीं  अनुसूचित जाति के लोगों की भी बड़ी फेहरिस्त है।


अन्य पोस्ट