महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19अक्टूबर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक कल रात लगभग 8 बजे बसना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लारीपुर और धोडक़सा अंतरराज्यीय सीमा पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा,पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रेम साहू, पिथौरा एसडीएम रविराज ठाकुर सहित आला अधिकारी मौजूद थे।
इस दौरान कलेक्टर श्री मलिक ने चेक पोस्ट में तैनात कर्मियों से जानकारी ली और कहा कि चेक पोस्ट से किसी भी तरह की अवैध परिवहन ना हो। यहां से गुजरने वाले संदिग्ध और अवैध परिवहन की सघनता से जांच किया जाए। उन्होंने यहां पर नियुक्त स्थैतिक टीम से भी जानकारी ली। मालूम हो कि महासमुंद जिले में 21 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। जिसमें 24 घण्टे वाहनों की जांच के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। चुनाव आचार संहिता लगने के पश्चात सभी चेक पोस्ट में सघनता से चेकिंग जारी है। कई बार यहां से नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, गांजा, अवैध शराब जप्त किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए किसी भी संदेहास्पद और गैरकानूनी गतिविधियों में कड़ी करवाई की जाएगी।