महासमुन्द

भाभी व भतीजे की हत्या कर फरार आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर
19-Oct-2023 2:26 PM
भाभी व भतीजे की हत्या कर फरार आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर

 कुछ लोगों ने खून के दाग वाले कपड़े पहनकर गांव से बाहर जाते देखा है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 अक्टूबर।
थाना कोमाखान के समीपस्थ ग्राम पतेरापाली में अपनी भाभी व 5 वर्षीय भतीजे की हत्या कर फरार आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। गांव के कुछ लोगों ने खून के दाग वाले कपड़े पहने गांव से बाहर जाते हुए भी देखा है, लेकिन वह कहां छिपा हुआ है, इसकी खबर अभी तक न मुखबिरों को है और न ही पुलिस को। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना ब्लॉक मुख्यालय से करीब 20-25 किलोमीटर दूर ग्राम पतेरापाली की है। जहां उक्त घटना मंगलवार दोपहर को हुई है। घटना की सूचना वाहन 112 के माध्यम से कोमाखान पुलिस को मिली। सूचना पर पुलिस दलबल के साथ ग्राम पतेरापाली पहुंची।

पुलिस को जानकरी मिली कि पतेरापाली का कृषक मजदूर परिवार का गेंदूराम ठाकुर मृतिका का पति सायं करीब 4.30 बजे काम से वापस घर लौटा। उसके घर में ताला लटका था। उसने चाबी रखने के स्थान पर चाबी ली और घर का ताला खोला। जैसे ही उसने घर के अंदर में प्रवेश किया, देखा कि उसकी पत्नी व पुत्र खून से लथपथ पड़े हैं। 

पुलिस का कहना है कि घटना दिनांक को मृतका का पति और सास खेतों में काम करने गए हुए थे। घर में आरोपी युवक, मृतका के अलावा पांच साल का बच्चा रह गया था। आरोपी के बारे में जानकारी मिली है कि आए दिन वह शराब के लिए पैसा मांगता था और नहीं देने पर गाली गलौच मारपीट करता था। 

अनुमान है कि शराब के लिए पैसे मांगने पर नहीं देने के बाद उसने घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने सब्जी काटने वाले धारदार पैसूल से 5 वर्षीय मासूम भतीजा कमलेश की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी है। उसके बाद तुलसी बाई पर लोहे से कई वार किए और फिर उसके भी गले को पैसूल रेत कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी घर का ताला लगाकर भाग निकला। पुलिस अभी आरोपी की पतासाजी में लगी हुई है। 

 


अन्य पोस्ट