महासमुन्द
महासमुंद, 17 अक्टूबर। सरायपाली के बाजारपारा स्थित शनि मंदिर के पास दो भाइयों ने बाइक की डिक्की से सामान चोरी का आरोप लगाते हुए युवक के साथ मारपीट की। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
वार्ड नं. 11 बाजारपारा सरायपाली निवासी राहुल तांडी ने पुलिस को बताया कि 10 अक्टूबर की शाम वह बाजारपारा शनि मंदिर के सामने गली में अपने मोबाइल से बात करते हुये खड़ा था। वहीं पर बंशी स्वाई, हीना स्वाई का मोटर सायकल खड़ा था। कुछ देर बात करने के बाद राहुल वहां से चला गया। रात करीब 8 बजे पुन: मोबाइल से बात करते रोड पर चल रहा था। शनि मंदिर के पास बाजारपारा पहुंचा था। तभी बंशी स्वाई, हीना स्वाई दोनों भाई आये और मेरे मोटर सायकल के डिक्की से पावर बैंक, सीरप, गोली एवं पेट्रोल चोरी किये हो कहकर अश्लील गाली गलौज करने लगे। गाली गलौज करने से मना किया तो दोनों भाई एकराय होकर जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्के से मारपीट की। हीना स्वाई अपने दुकान से बांस का डण्डा लाकर बाये हाथ कोहनी, पीठ, दोनों जांघों पर मारा है। पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी बंशी स्वाई, हीना स्वाई के खिलाफ 294, 323,506 के तहत अपराध कायम किया है।