महासमुन्द

महतारी एक्सप्रेस 102 मात्र अब नाम की
16-Oct-2023 2:23 PM
महतारी एक्सप्रेस 102 मात्र अब नाम की

सेवाएं दे रहे 35 ईमएटी को किया नौकरी से बाहर नई ठेका कंपनी इस वाहन  से काम नहीं ले रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,16 अक्टूबर। जिले में महतारी एक्सप्रेस का ठेका अन्य कंपनी को मिलने की खबर है। लिहाजा महतारी एक्सप्रेस 102 महज अब नाम की रह गई है। इसका संचालन करने वाली नई ठेका कंपनी कैंप इस वाहन से काम नहीं ले रही है। नई ठेका कंपनी ने महतारी एक्स्प्रेस में सेवाएं दे रहे 35 ईमएटी को नौकरी से निकाल दिया है। केवल वाहन चालकों की नौकरी बची है। ठेका कंपनी ने इससे पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की है। हालात यह है कि गर्भवती महिलाओं को अगर बीच रास्ते में कोई इमरजेंसी हुई तो परेशानी खड़ी हो सकती है।

कुछ दिनों से महतारी एक्सप्रेस का काम डायल 112 की टीम को करना पड़ रहा है। वैसे महासमुंद जिले में नई व्यवस्था के तहत 9 महतारी एक्सप्रेस संलग्न की गई है,  लेकिन महतारी एक्सप्रेस समय पर पहुंच नहीं रही हंै।  रविवार की सुबह महासमुंद ब्लॉक के पथरी निवासी गर्भवती दुर्गा सांबरा (22) को प्रसव पीड़ा हुई। महिला के पति ने महतारी एक्सप्रेस 102 में कॉल किया, लेकिन कॉलर ने पहले तो कुछ देर के लिए होल्ड पर डाल दिया, फि र फोन काट दिया।

हेमंत ने बताया कि उन्होंने दोबारा फ ोन किया, लेकिन फोन रिसीव ही नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए उन्होंने डायल 112 को बुलाया। तब जाकर गर्भवती को प्राथमिक स्वास्थ केंद्र झलप ले जाया जा सका। प्राथमिक स्वास्थ केंद्र झलप पहुंचने पर पाया कि महतारी एक्सप्रेस वहां खड़ी हुई थी।

मालूम हो कि बीते मंगलवार को ओडिशा बॉर्डर के गांव कुदारी बाहरा की गर्भवती सुनीता कैवर्त को भी 102 महतारी एक्सप्रेस की मदद नहीं मिली। डायल 112 में महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था। बीच उन्होंने 2 जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था। इस दौरान जच्चा-बच्चा को सीएचसी बसना पहुंचाया गया था।

महतारी एक्सप्रेस में मात्र ड्राइवर, मेडिकल स्टाफ  एक भी नहीं

क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर 102 श्याम मूर्ति का कहना है कि ईएमटी की नियुक्त होगी भी या नहीं, पता नहीं है। महतारी एक्सप्रेस में ईएमटी की नियुक्ति के तहत अब तक महतारी एक्सप्रेस में केवल पायलेट की नियुक्ति की गई है। ईएमटी स्टाफ  नहीं है। सही है कि पीएचसी झलप में महतारी 102 खड़ी रही, लेकिन गर्भवती को 112 वाहन से अस्पताल आना पड़ा। 102 महतारी एक्सप्रेस की नई ठेका कंपनी के काम संभालते ही पुरानी कंपनी में काम करने वाले पायलट और ईएमटी स्टाफ  को स्थान नहीं दिया गया है। जिले के 35 कर्मचारियों को नई ठेका कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया है।

ठेका कंपनी के इस काम से स्वास्थ्य महकमा भी हैरान है। इस मामले में सीएमएचओ डॉ. पी कुदेसिया ने कहा कि वे खुद भी इसे लेकर चिंतित हैं। महतारी एक्सप्रेस के नोडल अधिकारी से चर्चा की है। उनकी ओर से जल्द व्यवस्था करने का भरोसा दिया गया है।

.इसका जवाब उच्च कार्यालय से मिल पाएगा। कॉल आने पर पायलेट 102 वाहन लेकर जाएगा। केस क्रिटिकल होने पर 108 रेफर करेंगे। ईएमटी की नियुक्ति हॉस्पिटल में की गई है।


अन्य पोस्ट