महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 अक्टूबर। शहर के लोगों को सर्वसुविधा युक्त सेंट्रल लायब्रेरी देने के लिए पुरानी कचहरी को ढहाने का काम शुरू हो चुका है। यह इमारत अंग्रेजों के जमाने से बनी हुई है। इस भवन के कवेलू आदि भले ही जर्जर रहा हो, लेकिन इसके ढहाते समय पता चला है कि अब भी इनकी दीवारें काफी मजबूूत हैं। भवन की दीवारें तथा यहां लगे बत्ते और म्यार इतने मजबूत हैं कि इनमें एक कील भी ठोक पाना मुश्किल है।
यदि यहां लगे पिल्लरों की बात करें तो ये वर्षों से अपने ऊपर पुराने 1-1 फीट के हजारों खपरैलों का भार ढोये हुए हैं। इस भवन ने न जाने कितने तहसीलदारों का कार्यकाल देखा है। कितने अफसरों ने इसी भवन से नौकरी शुरू की और न जाने कितने अफसरों ने यहां से रिटायरमेंट लिया है।
हर साल बारिश के दिनों में यहां पानी जमा होने के बाद भी लोगों की आवाजाही बराबर जारी रही। यहां सेंट्रल लायब्रेरी बनाने के लिए हॉउसिंग बोर्ड को एजेंसी बनाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार 5 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से 32 हजार स्क्वेयर फीट की जगह पर सेंट्रल लायब्रेरी का निर्माण होगा जो पीछे बने टाउन हॉल तक होगा। इसमें ग्राउंड फ्लोर से लेकर सेकेंड फ्लोर तक कक्ष बनेगा। भविष्य में आवश्यकता के अनुसार ऊपर और भी निर्माण किया जा सकेगा। ग्राउंड फ्लोर पर 13 दुकानों का निर्माण होगा तथा ऊपर लायब्रेरी बनेगी। लायब्रेरी जाने के लिये सीढिय़ों के अलावा लिफ्ट की सुविधा होगी। जिसमें दिव्यांगजन भी इसका लाभ उठा सकेंगे।
इसके लिए शुक्रवार को पुरानी इमारत को ढहाने का काम शुरू हुआ है। पहले दिन क्रेडा कार्यालय के ऊपर पुराने सभी खपरैल नीचे उतारे गये। इसके लिये कॉन्ट्रेक्टर ने सर्वे कर सभी को इसकी सूचना 2 दिन पूर्व ही दे दी थी। जैसे-जैसे यहां के कार्यालय खाली होते जायेंगे। वैसे-वैसे ही पुराने भवन को ढहाया जायेगा। यहां वर्तमान में जिला रोजगार कार्यालय, उद्योग एवं व्यापार केन्द्र, नगर निवेश कार्यालय, नोटरी, बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्यायालय एवं बाथरूम आदि संचालित थे।
मालूम हो कि यहां संचालित कार्यालयों की शिफ्टिंग वर्ष भर पूर्व से ही जारी है। जिला आयुर्वेद कार्यालय अपने स्वयं के भवन में जा चुका है। क्रेडा कार्यालय ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक भवन में दफ्तर किराये पर लिया है। जिला पंजीयक कार्यालय अपने स्वयं के भवन में चला गया है। अब बाल संरक्षण इकाई पुराने कलेक्टोरेट परिसर में जाने की तैयारी में है। जिला रोजगार दफ्तर भी अन्यत्र जाने भवन की तलाश में है।
महासमुंद शहर में लायब्रेरी की कमी शुरुआती दौर से रही है। किताब प्रेमियों को पूर्व में छोटे रूप में स्वाध्याय केन्द्र, फिर शहर के अभ्यास कन्या शाला, उसके बाद पुराने कॉलेज भवन की लायब्रेरी में कुछ किताबे जरूर पढऩे के लिए मिल जाती थीं। लेकिनए अब सेंट्रल लायब्रेरी शौकीनों को यहा बड़ा तोहफा मिल सकेगा। शहर के मध्य में होने की वजह से यहां सभी दिशाओं से लोग आ जा सकेंगे साथ ही साहित्य आदि से जुड़े बुजूर्ग भी यहां बैठकर पुराने राइटर्स की किताबों पर रिसर्च कर सकेंगे। सेंट्रल लायब्रेरी के निर्माण के लिये कॉन्ट्रेक्टर्स को 1 साल की अवधि मिली है। भवन का ड्रॉइंग तैयार है। यहां गहन अध्यन कक्ष बनाया जायेगा जहां मीटिंग आदि भी ली जा सकेगी। इसके अलावा यहां 2 स्टोर रूम, बैग रखने के लिये जगह, रिसेप्शन, गार्डन, पार्किंग, बुक शेल्फ का निर्माण होगा।