महासमुन्द

1010, पूर्णिमा, आईआर 64 पककर तैयार, माई धान के लिए पखवाड़े भर का समय और
12-Oct-2023 4:27 PM
1010, पूर्णिमा, आईआर 64 पककर तैयार, माई धान के लिए पखवाड़े भर का समय और

  महासमुंद जिले में इस साल गजब की खेती  

  किसानों को 16 आने उत्पादन की उम्मीद  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12अक्टूबर।
विधानसभा चुुनाव के बीच जिले के किसान खेतों में पक  चुके धान की फसल काटने की तैयारी में हैं। इस वक्त खेतों में धान की हरी-पीली बालियां झूम रही हैं। सुबह की सुनहरी धूप की आमद होते ही किसान अपने खेतों की ओर पहुंच रहे हैं।

किसान कहते हैं कि गजब की खेती है इस साल। समय पर बारिश हुई और बीमारियों-कीट प्रकोपों का भी सामना नहीं हुआ। किसानों को सोलह आने फसल की उम्मीद है। उनका मानना है कि यदि 10 पंद्रह दिन मौसम ऐसे ही अनुकूल बना रहा तो धान का इस दफे बंपर उत्पादन होगा। लेगों को उन्मीद है कि इस बार दीपावली में बाजार में अच्छा उछाल आयेगा और नवरात्र, दशहरा,दीपावली के दौरान बाजार गुलजार रहेगा।

मालूम हो कि भांठा, टिकरा, भर्री तथा कम पानी वाले खेतों में अर्ली वेरायटी के धान पक चुके हैं। जिले में ऐसे खेतों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। जबकि लेट वेरायटी के धान में अभी बालियां निकली हैं। अर्ली वेरायटी के धान की कटाई नवरात्र के मध्य तक शुरू होने की उम्मीद है। धान की किस्म 1010, पूर्णिमा, आईआर 64 पककर तैयार है। किसान इनकी कटाई की तैयारी में जुट गए हैं। 

चूंकि आगामी 1 नवम्बर से धान खरीदी खरीदी शुरू होगी। लिहाजा पितृ पक्ष की समाप्ति के साथ ही किसान कटाई में जुट जाएंगे। 
जानकारी के अनुसार इस वर्ष जिले के 2 लाख 60 हजार हेक्टेयर में धान,दलहन, तिलहन व अन्य फसल लेने का लक्ष्य था। इनमें से 1 लाख 48 हजार हेक्टेयर में केवल धान की फसल का लक्ष्य था। अत: 1 लाख 48 हजार हेक्टेयर में केवल धान की फसल लहलहा रहा है। इस बार आवश्यकता के अनुसार समय-समय पर बारिश होने की वजह से अब तक फसल अच्छी है। साथ ही कीट प्रकोप नहीं होने की वजह से इस बार फसल स्वस्थ भी है। 

आगामी 1 नवम्बर से धान खरीदी को लेकर जिले के सहकारी समितयिों में प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो चुकी है। सोसायटियों में तराजू.बाट का सत्यापन कराया जा रहा है। नमी मापक यंत्रों को परखा जा रहा है। जिले में पिछले साल खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में 169 उपार्जन केंद्र थे। इन केंद्रों के माध्यम से शासन ने किसानों के धान खरीदे थे। इस साल 13 नए उपार्जन केंद्र खुलने के बाद संख्या बढक़र 182 हो गई है।

ज्ञात हो कि वर्ष 2021-22 में अतिवृष्टि की वजह से किसानों को दोहरा नुकसान हुआ था। लेकिन इस बार स्थिति सामान्य है। 
कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार यदि उत्पादन बढ़ा तो इस बार लक्ष्य से अधिक धान की खरीदी हो सकती है। महज सप्ताह भर में ही हरूना किस्म के धान 1010, पूर्णिमा, आईआर 64 की किसान जुट जाएंगे। 

महासमुंद जिले में नौकरी पेशा वर्ग को छोडक़र लगभग सभी की आमदनी का स्त्रोत प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से फसल से जुड़ा है। जिले के गांव, कस्बों से लेकर बाजार तक की आजीविका फसल पर आधारित है। कहा जा रहा है कि 16 आना फसल की खबर हर वर्ग के लिये उत्साहवर्धक होगी। ग्राम डिघारी के किसान सुरेश हठीले का कहना है कि इस बार मौसम फसल के अनुकूल था। सही समय पर खाद.बीज मिला। मौसम वैज्ञानिकों से भी अच्छी सलाह मिली। खेतों में अभी तक कीट प्रकोप की स्थिति नहीं है। आगामी कटाई तक यदि मौसम साफ  रहा तो फसल सौ फीसदी अच्छी होगी। एफ. आर. कश्यप उप संचालक कृषि महासमुंद का कहना है कि इस बार फसल अच्छी हुई है। मौसम ऐसे ही साफ  रहा तो जिले में धान का बंपर उत्पादन होगा। सप्ताह.दस दिनों बाद ही कटाई युद्ध स्तर पर शुरू हो जायेगी। दशहरा के बाद से किसान धान बेचने की तैयारियों में जुट जाएंगे। 


अन्य पोस्ट