महासमुन्द

पुलिस ने गर्भवती का सहयोग कर 3 जिंदगी बचाई
11-Oct-2023 3:54 PM
पुलिस ने गर्भवती का सहयोग कर 3 जिंदगी बचाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11अक्टूबर।
जिले की बसना थाना पुलिस ने आज एक गर्भवती महिला का सहयोग कर तीन लोगों की जिंदगी बचाई है। निरीक्षक आशीष वासनिक के निर्देशन में उक्त गर्भवती महिला को वाहन 112 से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में महिला ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। समाचार लिखे जाने तक दोनों नवजात और प्रसूति की हालत सामान्य है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुदारीबाहरा के एक व्यक्ति ने वाहन 112 को सूचना दी कि एक गर्भवती महिला को असहनीय प्रसव पीड़ा हो रही है। वाहन टीम ने थाना बसना प्रभारी को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी खुद 112 की टीम के साथ कुदारीबाहरा पहुंचे। जहां सूचना देने वाले व्यक्ति ने पीडि़ता सुनिता कैवर्त पति गोवर्धन कैवर्त उम्र 28 वर्ष साकिन डीपापारा (कुदारीबाहरा) का पता बताया। 

पता मिलते ही पूरी टीम पीडि़ता के घर पहुंची। वहां से बगैर देरी किए प्रसूता को  गांव की महिलाओं के सहयोग से 112 वाहन में बिठाकर अस्पताल रवाना हुए। टीम ने महिला की सुरक्षा के लिए गांव की दो महिलाओं को भी साथ लिया।

अस्पताल जाने का आधा रास्ता गुजरा था कि आधे रास्ते में ही महिला ने 112 वाहन में ही महिलाओं की सहायता सेदो नवजात शिशुओं को जन्म दिया।  
बसना थानेदार जच्चा और दोनों शिशुओं को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरोली लेकर गये। जहां नर्स स्टाफ नहीं थीं। अत: उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना लाया गया। डॉक्टर ने चेकअप करने बाद बताया कि मां और दोनों शिशु स्वस्थ हैं। बसना पुलिस एवं 112 वाहन कर्मचारी के इस कार्य पकी सराहना जिले भर में की जा रही है।

उपरोक्त सराहनीय कार्य में निरीक्षक आशीष वासनिक थाना बसना प्रभारी के मार्गदर्शन में आरक्षक 916 जगदीश दीवान चालक 512 1, रंजन सागर का विशेष योगदान रहा है।


अन्य पोस्ट