महासमुन्द

आचार संहिता से ठीक पहले सडक़, स्कूल मरम्मत की मांग लेकर मुडिय़ाडीह के लोग पहुंचे कलेक्टोरेट, मांगों पर तत्काल काम शुरू
10-Oct-2023 2:30 PM
आचार संहिता से ठीक पहले सडक़, स्कूल मरम्मत की मांग लेकर मुडिय़ाडीह के लोग पहुंचे कलेक्टोरेट, मांगों पर तत्काल काम शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अक्टूबर।
सडक़ बनाने और स्कूल की मरम्मत करने की मांगों को लेकर सोमवार को ग्राम पंचायत पासिद के आश्रित ग्राम मुडिय़ाडीह के दर्जनों ग्रामीण परिवार समेत कलेक्टर पहुंचे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व विधायक के खिलाफ  जमकर आक्रोश व्यक्त किया। 

ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहे योगेश चंद्राकर तथा सरपंच लालाराम निषाद, रामेश्वर ध्रुव, मनोहर ध्रुव, भगवा राम पटेल, कार्तिक राम यादव ने बताया कि गांव महानदी के तट पर बसा है। यहां रोज दर्जनों भारी वाहनों से रेत अन्यत्र ले जाया जाता है। इस रेत से सरकार को करोड़ों रुपए का राजस्व मिलता है। बावजूद यहां की जर्जर हो चुकी सडक़ को बनवाना नहीं चाहते।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सडक़ भारी वाहनों के चलने से दलदल में बदल गया है। बरसात में घुटनों तक पानी भरा रहता है। इस दौरान गांव में प्रसूति वाली महिला को खाट में बिठाकर सडक़ पार कराते हैं। स्कूल की कक्षाओं से पत्थर निकला हुआ है। वहां आए दिन सांप दिखता है। बारिश में भी बच्चे नीम के पेंड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई करते हैं। जनप्रतिनिधयों ने बरसाों से सडक़ मरम्मत नहीं करवाई है।  

गांव वाले सडक़ और स्कूूल की मांग कर रहे थे। मांगों पर अमल होते तक कलेक्टोरेट के दरवाजे बैठे रहने के लिए पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। गैस सिलेंडर,सब्जी, चावल, पानी, दाल सब कुछ अपने साथ लेकर आए थे। इस वक्त कलेक्टर अपने मातहतों के साथ बैठक पर थे। दरवाजे को बेरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया था। कलेक्टर को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली, पांच लोगों को भीतर बुलाया और तत्काल सडक़ के काम शुरू करने के निर्देश दिए। चूंकि इसके तुरंत बाद आचार संहिता की घोषणा की गई। 

अत: आंदोलन करनेवाले भी  अपने गांव वापस आ गए। गांव का प्रतिनिधित्व कर रहे पूर्व जनपद सदस्य ने योगेश्वर चंद्राकर ने बताया है कि सडक़ बनाने का काम शुरू हो चुका है। 


अन्य पोस्ट