महासमुन्द

आचार संहिता लागू होते ही सम्पत्ति विरूपण की कार्रवाई शुरू
10-Oct-2023 2:28 PM
आचार संहिता लागू होते ही सम्पत्ति विरूपण की कार्रवाई शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अक्टूबर।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लिए सामान्य निर्वाचन की घोषणा करते ही कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभात मलिक ने कल पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि जिले में भी आचार संहिता तत्काल प्रभावशील हो गया है। 

आयोग के निर्देशानुसार आचार संहिता लागू होते ही सम्पत्ति विरूपण की प्रभावी कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है। सभी सरकारी कार्यालयों और उनके परिसरों में जिसमें कार्यालय भवन स्थित है, के सभी दीवार लेखन, पोस्टर, स्टिकर, कट आउट, होर्डिंग, बैनर व झंडे या किसी अन्य रूप में विरूपण को 24 घंटे के अंदर हटाया जाएगा। इसी तरह सार्वजनिक संपत्ति का विरूपण और सार्वजनिक स्थानों में प्रचार सामग्री 48 घंटे के भीतर तथा निजी संपत्ति का विरूपण स्थानीय विधि और अदालत के निर्देशों के अधीन रहते हुए प्रदर्शित किए गए सभी अनधिकृत राजनीतिक विज्ञापन को 72 घंटे के भीतर हटाया जाएगा।

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी निर्भय साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा एवं मिषा कोसले सहित इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि मौजूद थे।


अन्य पोस्ट