महासमुन्द

जूनियर राज्य स्तर तीरंदाजी स्पर्धा में कुबेर सिंह-दीक्षा नायक चैंपियन
10-Oct-2023 2:17 PM
जूनियर राज्य स्तर तीरंदाजी स्पर्धा में कुबेर सिंह-दीक्षा नायक चैंपियन

दृढ़ इच्छा शक्ति के सामने हर लक्ष्य आसान-एसपी 

महासमुंद, 10 अक्टूबर।
बागबाहरा में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी स्पर्धा में प्रदेश भर से आए तीरंदाजों ने तीरंदाजी का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्पर्धा में प्रदर्शन करेंगे। 

मिली जानकारी के अनुसार कल प्रदेश भर के खिलाडिय़ों ने लक्ष्य पर निशाना साधकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इंडियन राउंड में प्रेमप्रकाश यादव कोरबा प्रथम, हेमंत सिंह शिवतराई द्वितीय, विकास कमार शिवतराई तृतीय, आशीष शिवतराई चतुर्थ रहे। बालिका वर्ग में मया बघेल बिलासपुर प्रथम, सुशिला नेताम कोंडागांव द्वितीय, अल्का वर्मा राजनांदगांव तृतीय, सुलोचना राज शिवतराई चतुर्थ रहीं।

इसी प्रकार रिकब राउंड में प्रथम कुबेर सिंह बिलासपुर,तरूण जांगड़े रायपुर द्वितीय, संजय सोनवानी रायपुर तृतीय, देवेंद्र कुमार शिवतराई चतुर्थ रहे। बालिका वर्ग में दीक्षा नायक रायपुर प्रथम, सावित्री मांडवी कोंडागांव द्वितीय, माही जांगड़े रायपुर तृतीय, दक्षा यादव बिलासपुर चतुर्थ रही। कम्पाउंड राउंड में प्रथम आर्यन साहू बिलासपुर, सोम कनसारे रायपुर द्वितीय, ओम बघेल तृतीय रहे। 

9 अक्टूबर को राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश तीरंदाजी संघ, खेल एवं युवा कल्याण तथा जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा जिला महासमुंद के संयुक्त तत्वाधान में सुबह 10 बजे से स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल बागबाहरा में आयोजित किया गया। 

इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से कुल 220 खिलाड़़ी, कोच, मैनेजर व अन्य सहयोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बागबाहरा सृष्टि चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर उनकी खेल भावना को सराहते हुए शुभकामनाएं दी एवं कहा कि तीरंदाजी खेल को सामान्य खिलाड़ी तक पहुंचाने व इसके खिलाडिय़ों की सफलता के पीछे जितने भी प्रशिक्षकों ने अपना समय व परिश्रम लगाया है वह बहुत ही प्रशंसनीय है। 

इस दौरान प्रमुख रूप से राजनांदगांव, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर,सरगुजा, कोरबा, बालोद, दुर्ग, गरियाबंद,महासमुंद, रायपुर आदि जिले के खिलाडिय़ों ने अपनी सहभागिता दी। साई सेंटर रायपुर, खेल अकादमी रायपुर एवं खेलों इंडिया एक्सिलेंस सेंटर बिलासपुर, खेलों इंडिया सेंटर दंतेवाड़ा, खेलों इंडिया सेंटर बीजापुर व खेलों इंडिया सेंटर शिवतराई बिलासपुर के खिलाड़ी भी शामिल हुए।

जिला खेल अधिकारी महासमुंद मनोज घृतलहरे ने प्रारंभ से ही प्रतियोगिता में मार्गदर्शन दिया। पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महासमुंद जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छवई व छत्तीसगढ़ प्रदेश आर्चरी एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश मुरारका, जिला खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे, प्राचार्य सेजेसए बागबाहरा एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित थे। 

पुलिस अधीक्षक ने इस विशाल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि बागबाहरा जैसे छोटे से कस्बे में इतना विशाल आयोजन होना इस बात का प्रतीक है कि दृढ़ इच्छा शक्ति के सामने हर लक्ष्य आसान हो जाता है। ऐसे ही सभी तीरंदाजी खिलाडिय़ों को अपनी इच्छाशक्ति दृढ़ रखते हुए अपनी एकाग्रता बनाये रखना है।  

कार्यक्रम अध्यक्ष कैलाश मुरारका ने कहा कि प्रतिभागी खिलाडिय़ों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निश्चित लग रहा है कि हम आने वाले समय में इस खेल को छत्तीसगढ़ राज्य में और भी अधिक समृद्ध बना सकते हैं। इस हेतु तीरंदाजी संघ का प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते जो भी अधिक से अधिक सहयोग अथवा साधन की आवश्यकता खिलाडिय़ों को होगी, उसे हर सम्भव प्रयास से पूर्ण किया जावेगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित तीरंदाजों को 14 से 28 नवम्बर तक राजस्थान में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय जूनियर तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
 


अन्य पोस्ट