महासमुन्द

राज्य स्तरीय तीरंदाजी स्पर्धा: बागबाहरा में निशाना साध रहे 148 खिलाड़ी
09-Oct-2023 3:12 PM
राज्य स्तरीय तीरंदाजी स्पर्धा: बागबाहरा  में निशाना साध रहे 148 खिलाड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अक्टूबर।
राज्य स्तरीय जूनियर बालक एवं बालिका तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश तीरंदाजी संघ, खेल एवं युवा कल्याण तथा जिला तीरंदाजी संघ बागबाहरा जिला महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल बागबाहरा में जारी है। जिसमें इंडियन राउंड, कंपाउंड राउंड व रिकर्व राउंड की प्रतियोगिता शामिल हैं। 

पहली बार आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में 16 से अधिक जिले से लगभग 148 खिलाड़ी एवं कोच, मैनेजर सहित 200 से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारी रविवार को ही पूरी हो चुकी थी। इस प्रतियोगिता में जिला बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, जशपुर, बालोद, गरियाबंद, कोंडागांव, सरगुजा, बलौदा बाजार से टीम शामिल होंगे, साई सेंटर रायपुर, खेल अकादमी रायपुर एवं खेलों इंडिया, एक्सिलेंस सेंटर बिलासपुर, खेलों इंडिया सेंटर दंतेवाड़ा, खेलों इंडिया सेंटर बीजापुर व खेलों इंडिया सेंटर शिवतराई बिलासपुर के चयनित खिलाड़ी शामिल होंगे। 

महासमुंद जिले से खेल विभाग द्वारा संचालित खेलों इंडिया सेंटर भोरिंग से इंडियन राउंड में बालक उमेश बरिहा, जयंत ठाकुर, टुकेश कुमार, घनश्याम दीवान व बालिका में नीलम दीवान, मनीषा ध्रुव, लीना नेताम, दिव्या कमार शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ जूनियर आर्चरी की टीम बनेगी। जो राजस्थान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होंगी। 

कहा जा रहा है कि महासमुंद जिले में तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित होने से वहां के आसपास के स्कूलों में तीरंदाजी खेल का प्रभाव होगा और लोगों को खेल की जानकारी होगी। खेल का प्रचार प्रसार होगा व लोगों में जागरूकता आएगी, जिससे नए खिलाड़ी तैयार करने में सफलता मिलेगी। राज्य संघ, खेल विभाग के साथ आयोजन की तैयारियों में जिला तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष डॉ विकास अग्रवाल, सचिव एवन कुमार साहू, छात्रावास अधीक्षक पूर्णेंद्र चंद्राकर,व्यायाम शिक्षक हीरू साहू, अरविंद छावड़ा, सोमनाथ साहू, पिरित राम साहू इत्यादि का सहयोग मिल रहा है। 
 


अन्य पोस्ट