महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अक्टूबर। ग्राम गुड़रुडीह में शहीद वीरनारायण की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय कबड्डी स्पर्धा में कांग्रेस नेत्री व नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग शामिल हुर्इं। आयोजन समिति ने उनका आतिशी स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने स्पर्धा में विजयी टीम को बधाई देते हुए कहा कि आज राज्य में कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार खेल को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। भूपेश सरकार ने छग के पारंपरिक खेलो को बढ़ावा देते हुए छतीसगढिय़ा ओलंपिक की शुरुआत की है। जिसमें हर वर्ग को खेलने का मौका मिल रहा है। भौंरा-बाटी, गिल्ली डंडा, पिट्टूल जैसे पारंपरिक खेलों को हम भूल चुके थे जिसे सरकार ने ओलंपिक के माध्यम से हमे न सिर्फ याद दिलाया बल्कि खेलने का मौका भी दिया है।
उन्होंने कबड्डी स्पर्धा में विजयी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि हर खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। खेल में हार-जीत होती रहती है। हारने वाली टीम या खिलाड़ी को हार से कभी निराश नहीं होना चाहिए। हार से सीख मिलती है और भविष्य में यही जीत का कारण बनता है।
कार्यक्रम को अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया। मंच में जनपद सदस्य रमाकान्त ध्रुव, पार्षद निखिलकांत साहू, राधेलाल सिन्हा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और खिलाड़ी मौजूद रहे।