महासमुन्द

करणीकृपा प्रबंधन ने हेमसागर को खेत जाने प्लांट की दीवार तोडक़र रास्ता दिया
07-Oct-2023 2:32 PM
करणीकृपा प्रबंधन ने हेमसागर को खेत जाने प्लांट की दीवार तोडक़र रास्ता दिया

 किसान सत्याग्रह की जीत का पहला कदम 

अब जल संसाधन विभाग की नहर नाली, नेशनल हाइवे की भूमि तथा कुछ शासकीय भूमि भी बाउंड्रीवाल के भीतर है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7अक्टूबर।
करणीकृपा पावर प्लांट प्रबंधन ने शुक्रवार को शिकायतकर्ता किसान हेमसागर पटेल को उसके खेत जाने के लिए प्लांट की दीवार तोडक़र रास्ता दे दिया है।

मालूम हो कि करणीकृपा के खिलाफ डेढ़ साल से किसान आंदोलन पर हैं। प्लांट की कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों की मांगों में एक मांग में यह भी शामिल है। किसानों का आरोप था कि करणीक ृपा प्लांट ने किसानों की काबिल कास्त जमीन को अपने कब्जे में ले रखा है जिसे मुक्त किया जाए। 

तुमगांव उप तहसील के नायब तहसीलदार श्रीधर पंडा ने संयंत्र प्रबंधन द्वारा बाउंड्रीवाल तोडक़र किसान को उसकी जमीन तक जाने के लिए रास्ता देने हेतु की कार्रवाई की पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने बताया कि किसान हेमसागर पटेल की तदाशय की शिकायत थे। जिस पर कार्रवाई चल रही थी। उन्होंने संयत्र प्रबंधन को 5 अक्टूबर को आदेश जारी कर 2-3 दिवस में बाउंड्री वाल तोडऩे कहा था। 

मामले की जांच के लिए उप तहसाल तुमगांव से नायब तहसीलदार श्रीधर पंडा, खैरझिटी के पटवारी धर्मेंद्र मन्नाडे और मालीडीह के पटवारी अरविंद चंद्राकर साथ-साथ मौके पर आए थे। मौका मुआयना में अधिकारियों ने सत्याग्रही किसानों का आरोप सही पाया और प्रबंधन को रास्ता छोडऩे के निर्देश दिए थे। 

उनके निर्देश के बाद कल संयंत्र प्रबंधन ने बाउंड्रीवाल तोडक़र करीब 60 फीट का रास्ता खोल दिया है। किसानों का कहना है कि इसी तरह जल संसाधन विभाग की नहर नाली, नेशनल हाइवे की भूमि तथा कुछ शासकीय भूमि भी बाउंड्रीवाल के भीतर है। बाउंड्रीवाल तोडक़र उन सभी जमीनों के लिए रास्ता खोलना चाहिए। कलेक्टर से इस बाबत किसान बात करेंगे और 12 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर उनसे अपनी मांगों पर बात करेंगे।
 


अन्य पोस्ट