महासमुन्द
महासमुंद, 6 अक्टूबर। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय महासमुन्द के विद्यार्थियों को जल्द ही बस सेवा की सुविधा मिलेगी। महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष व संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में बस सुविधा प्रारंभ करने के साथ ही कई प्रस्तावों के लिए स्वीकृति प्रदान की गई।
बुधवार को शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय महासमुन्द के जनभागीदारी समिति की बैठक अध्यक्ष श्री चंद्राकर की अध्यक्षता में आहुत हुई। बैठक में बस सेवा शुरू करने को लेकर सर्वसम्मति से जल्द ही कार्रवाई किए जाने का निर्णय लिया गया। जिसके तहत ड्राईवर व कंडक्टर की नियुक्ति करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए कालेज के प्राध्यापकों को जिम्मेदारी भी दी गई है। इसी तरह कॉलेज परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था के साथ ही बैठक व्यवस्था को लेकर सहमति प्रदान की गई। भागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने प्राध्यापकों से नियमित रूप से समय पर कॉलेज पहुंचने व विद्यार्थियों की क्लॉस लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अध्यापन कार्य में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान जनभागीदारी समिति की सदस्य दाऊलाल चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, सदस्य संजय शर्मा, योगेश गंडेचा, हरिकृष्ण भार्गव, रमाकांत गायकवाड़, गौरव चंद्राकर, निर्मल जैन, तरूण साहू, किशन देवांगन सहित प्रभारी प्राचार्य अनुसूईया अग्रवाल, डा. नीलम अग्रवाल, मनीराम धीवर, डा ईपी चेलक, अजय राजा, मनोज शर्मा, कुंदन देवांगन आदि मौजूद रहे।