महासमुन्द
वनरक्षकों, क्षेत्ररक्षकों के 76वें प्रशिक्षण सत्र समापन पर दीक्षांत समारोह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अक्टूबर। गुरुवार को महासमुंद वनरक्षक प्रशिक्षण शाला वन विभाग एवं वन विकास निगम के वनरक्षकों एवं क्षेत्ररक्षकों के 76वें प्रशिक्षण सत्र 6 मासीय संपन्न हुआ। इस अवसर पर दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। दीक्षांत समारोह में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अनूप कुमार विश्वास के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
इस दौरान मुख्य अतिथि का ग्रीन कारपेट स्वागत के पश्चात प्रशिक्षु वनरक्षकों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि ने वन विद्यालय प्रांगण में सफेद पलाश के पौधे का रोपण किया। दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में कलेक्टर प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह उपस्थित रहे। संचालक वन विद्यालय महासमुंद एवं वनमंडलाधिकारी महासमुंद पंकज राजपूत ने प्रशिक्षण में सम्मिलित विषयों एवं प्रशिक्षुओं के संबंध में विस्तृत उद्बोधन दिया।
मुख्य अतिथि अनुप कुमार बिश्वास ने कहा कि मनुष्य जन्म से लेकर मृत्यु पर्यन्त कुछ न कुछ सीखते रहता है। अत: सभी को सदैव सीखने हेतु तत्पर रहना चाहिए। वनरक्षकों को विभागीय कार्यों के सम्पादन की प्रमुख कड़ी बताते हुए वनों के संरक्षण-संवर्धन हेतु प्रेरित किया।
कलेक्टर प्रभात मलिक ने वनरक्षकों को वन विभाग का आधार स्तंभ बताते हुए सामान्य जन से मधुर व्यवहार करने कहा। धर्मेन्द्र सिंह पुलिस अधीक्षक ने वनरक्षक को विभाग की महत्वपूर्ण इकाई बताते हुए कर्तव्य के प्रति हमेशा सजग रहने का संदेश देते हुए उज्वल भविष्य की कामना की।
अनुदेशक बन विद्यालय महासमुंद द्वारा 76 वें प्रशिक्षण सत्र के परीक्षा परिणाम की घोषणा की गई। तत्पश्चात अतिथियों के द्वारा खेल-कूद एवं विभिन्न वानिकी विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र, मेडल एवं ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण के सम्पूर्ण विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर सुषमा सिंह ठाकुर ऑल ओवर टॉपर रही।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर सहायक अनुदेशक, पीटीआई वन विद्यालय के समस्त कर्मचारी,अधिकारी, वन परिक्षेत्र अधिकारी महासमुंद एवं वनमंडल कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशन लाल साहू वनरक्षक द्वारा किया गया। अंत में आभार प्रदर्शन एवं कार्यक्रम समाप्ति की घोषणा अनुदेशक वन विद्यालय महासमुन्द द्वारा किया गया।