महासमुन्द

आवासीय स्कूल भोरिंग में आधा शिक्षा सत्र बीत जाने के बाद भी बच्चों के पास किताबें नहीं
06-Oct-2023 2:53 PM
 आवासीय स्कूल भोरिंग में आधा शिक्षा सत्र बीत  जाने के बाद भी बच्चों के पास किताबें नहीं

मुख्य विषयों के किताबों के प्रिंट आउट के जरिए बच्चों को पढ़ाया जा रहा 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अक्टूबर।
जिले के एकमात्र आवासीय स्कूल भोरिंग में आधा शिक्षा सत्र बीत जाने के बाद भी छात्र-छात्राओं को किताबें नहीं दी गई हैं। सीबीएसई स्कूलों में इस वक्त अर्धवार्षिक परीक्षा जारी है, लेकिन महासमुंद के सरकारी स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के पास अभी तक किताबें नहीं पहुंची हैं। हाल ही में किताबों की समस्या से परेशान होकर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्र और छात्राएं शिकायत लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे थे। 

इस मामले में आदिमजाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त का कहना है कि किताबें डिसपैच हो चुकी हैं, जल्द से जल्द बच्चों को किताबें मुहैया कराई जाएंगी। बच्चों का कहना है कि स्कूल में शिक्षकों की कमी है। एकमात्र वाइस प्रिंसिपल को भी यहां से हटा दिया गया है। अत: स्कूल में भारी अव्यवस्था है। मुख्य विषयों के किताबों के प्रिंट आउट के जरिए पढ़ाया जा रहा है। 

महासमुंद जिले में शिक्षा व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। जिले के भोरिंग क्षेत्र में स्थित एकमात्र एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्र और छात्राएं किताबों के बिना ही पढऩे को मजबूर हैं। छात्रों ने बताया कि स्कूल का नया सत्र जून में शुरू हुआ था, लेकिन 4 महीने बीतने के बाद भी बच्चों को अभी तक किताबें नहीं मिल सकी हैं। 

इसके अलावा यहां के छात्र शिक्षकों की कमी से भी जूझ रहे हैं। परेशान होकर एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के छात्र और छात्राएं कलेक्ट्रेट शिकायत करने पहुंचे थे। इस मामले में आदिमजाति कल्याण विभाग की सहायक आयुक्त का कहना है कि किताबें डिसपैच हो चुकी हैं, जल्द से जल्द बच्चों को किताबें मुहैया कराई जाएंगी।

यहां पढऩे वाले बच्चों ने बताया कि कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के पास किसी भी विषय की किताबें नहीं हैं। रोज स्कूल में बगैर किताब ही पढ़ाई करते हैं। सत्र के 4 महीने बीत जाने के बाद भी छठवीं से बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें नहीं मिली हैं। महासमुंद जिले के एकमात्र एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में 6वीं से 12वीं तक कुल 420 छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं।

कलेक्ट्रेट शिकायत करने पहुंची बारहवीं की छात्रा कुमारी भुनेश्वरी ठाकुर ने बताया कि 12वीं बोर्ड होने के कारण हमें बिना किताबों के पढऩे में काफी समस्याएं होती हैं। हम ठीक से नहीं पढ़ पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी भी हमेशा बनी रहती है। अभी हाल ही में यहां की वाइस प्रिंसिपल को निकाल दिया गया है और प्रबंधन से कारण पूछने पर कारण भी नहीं बताया जाता है।  

कक्षा 12वीं की ही छात्रा तोष कुमारी दीवान का कहना है कि हमें किताबों के प्रिंट आउट के जरिए पढ़ाया जा रहा है। जिससे हमें ठीक से समझ नहीं आ पाता है। उन्होंने बताया कि 12वीं बोर्ड होने के बावजूद भी हमें हिंदी और अंग्रेजी छोडक़र मेन सब्जेक्ट की किताबें नहीं मिल सकीं हैं। स्कूल से वाइस प्रिंसिपल को हटाने के कारण स्कूल की व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। किताबों के बारे में स्कूल प्रबंधन से पूछने पर कहते हैं कि किताबें आर्डर कर दी गई हैं,किताबें रायपुर से आ रही हैं। 

मामले में आदिमजाति विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा साय का कहना है कि स्कूल को रजिस्ट्रेशन अप्रूवल नहीं मिलने के कारण एससीईआरटी से डायरेक्ट किताबों को नहीं मंगाया जा सका है। जिसके बाद हमें मिले निर्देशानुसार हमने रजिस्टर्ड वेंडर्स से किताबों को ऑर्डर कर दिया है। जिसमें आधी किताबें हमें मिल गई हैं।,जबकि आधी किताबें डिस्पैच हो चुकी हैं। जैसे ही हमें किताबें मिलेंगी, उन्हें स्कूल में डिस्ट्रीब्यूट कर दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट