महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में जिले के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्हें प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण लेने वालों में आरक्षक से लेकर निरीक्षक स्तर तक के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हैं। यह प्रशिक्षण निर्वाचन पूर्व, निर्वाचन के दौरान तथा निर्वाचन पश्चात की अवधि में पुलिस की भूमिका, दायित्वों एवम कार्यवाहियों पर आधारित विशेष प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण कार्यशाला के प्रथम चरण के अंतर्गत महासमुंद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में महासमुंद प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन 26 सितंबर को हुआ। उक्त प्रशिक्षण में महासमुंद अनुविभाग के समस्त थाना प्रभारियों एवं थानों में पदस्थ पुलिस कर्मचारी शामिल हुए। इसके बाद 4 अक्टूबर को तृतीय चरण का निर्वाचन सह कार्यशाला का आयोजन नवीन विश्राम गृह सरायपाली में आयोजित किया गया। जिसमें अनुविभाग सरायपाली के पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों को, जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में चुनाव संबंधी प्रशिक्षण व निर्देश दिये गये।
प्रशिक्षण विषय वस्तु में शामिल कानून व्यवस्था, अवैधानिक तत्व पर प्रभावी कार्यवाही, मतदान केन्द्रों का सतत भ्रमण, संवेदनशील मतदान केन्द्रों का निर्धारण, मतदान संबंधी पुलिस की व्यवस्थाएं, आदर्श आचार संहिता से संबंधी कानूनी प्रावधान एवं उल्लंघन की स्थिति में कार्यवाही संबंधी जानकारी, स्थाई वारंटी एवं अन्य वारंटियों की गिरफ्तारी के प्रयास, पोस्टल बैलेट का प्रयोग संबंधी निर्देश दिये गये।
प्रशिक्षण में निर्वाचन संपन्न होने तक स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण व्यवस्था बनाये रखने की महती जिम्मेदारी पुलिस की है और अपनी भूमिका के लिये पुलिस को तैयार रहने निर्देश दिये गए। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक सारिका वैद्य, एसडीओपी सरायपाली अभिषेक केशरी, थाना प्रभारी बसना आशीष वासनिक,थाना प्रभारी सरायपाली शिवानंद तिवारी, थाना प्रभारी सिंघोड़ा उमेश वर्मा, थाना प्रभारी बलौदा प्रवीण चौहान, चौकी प्रभारी भंवरपुर संतोष सिंह, तहसीलदार सरायपाली कृष्ण कुमार साहू, अतिरिक्त तहसीलदार जुगल किशोर, नायब तहसीलदार राम लखन तथा सरायपाली अनुभाग के पुलिस अधिकारी- कर्मचारी प्रशिक्षण में शामिल रहे।