महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अक्टूबर। बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र के 9 एम इंडिया लिमिटेड फार्मास्यूटिकल कंपनी ने काम न होने का हवाला देकर यहां कार्यरत 32 युवक-युवतियों को काम से निकाल दिया। जिससे आक्रोशित कर्मचारी गेट के सामने ही धरने पर बैठ गए और काम पर वापस लेने की मांग करने लगे।
ज्ञात हो कि बिरकोनी औद्योगिक क्षेत्र में 9 एम संचालित है। यह कंपनी फसल में बीमारियों के उपचार के लिए दवा बनाती है।
निकाले गए कर्मियों ने बताया कि बिरकोनी गांव के युवक-युवतियों को कंपनी ने काम दिया है, लेकिन इन्हें कभी भी काम से पृथक कर दिया जाता है और हर बार हो हल्ला मचाने, अप्रोच लगवाने के बाद काम पर लिया जाता है। यह अव्यवस्था सालभर से चली आ रही है। इस बार कंपनी ने पूरे ग्रामीणों को एक साथ बाहर कर दिया और अन्य गांव के लोगों को उनकी जगह भर्ती कर लिया है। इससे नाराज युवक-युवतियों ने मंगलवार सुबह से कंपनी के गेट के सामने धरना दे दिया। हालांकि बाद में जिलाप्रशासन के हस्तक्षेप के बाद काम पर ले लिया गया।
ओमकार पटेल, सुरेंद्र मालेकर,लोकेश साहू, मंजू साहू, स्वाति सेन, मधु कश्यप, चंद्रकला साहू, संजना साहू, ओमिन साहू, सरस्वती निषाद, दामिनी साहू, भारती साहू, ईश्वरी निषाद, रानू निलर्मकर, कौशल्या साहू, रामेश्वरी साहू, तनु चंद्राकर, गीतांशू सेन, देवेंद्र साहू,देवेंद्र चक्रधारी ने बताया कि वे इस कंपनी में साल भर से काम कर रहे हैं। उन्हें हर बार काम से निकाल दिया जाता है। इस बार पूरे 32 लोगों को काम से पृथक किया गया। जिस पर नाराजगी जताते हुए सभी धरना दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के मैनेजर के मन मुताबिक न चलने पर काम से हटा देते हैं। हमारी आठ घंटे की ड्यूटी है, लेकिन हमसे 10 से 11 घंटे लेते हैं। सभी कर्मचारियों को प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद काम पर लिया गया।
धरना की खबर की जानकारी होते ही वहां किसान नेता अशवंत तुषार साहू पहुंचे थे। बाद में श्रम अधिकारी व पुलिस जवान पहुंचे। श्रम अधिकारी ने कंपनी के मैनेजर संजय व्यास को धरनास्थल पर बुलाकर लिखित में कर्मचारियों को आश्वासन कॉपी लिखित में दी। कर्मचारी सुबह आठ बजे से धरना दे रहे थे। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद इन्हें पुन: काम पर लिया गया। साथ ही काम न होने पर दूसरा काम लेने, नए कर्मचारियों की आवश्यकता पडऩे पर नये कर्मचारियों की भर्ती के लिए कहा।