महासमुन्द
कहा-कोटवार द्वारा अजाक थाने में दर्ज शिकायत फर्जी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अक्टूबर। चिरको के निलंबित कोटवार के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को उसकी शिकायत लेकर ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोटवारी के दौरान कोटवार ने अवैध रूप से गांव की जमीन पर कब्जा किया था। जिस पर ग्रामीणों की शिकायत के बाद उसे निलंबित भी कर दिया गया। निलंबित होते ही कोटवार ने भी ग्रामीणों के खिलाफ अजाक थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस शिकायत को ग्रामीणों ने फर्जी बताते हुए तहसीलदार चंद्रशेखर मंडई को ज्ञापन सौंपकर शिकायत खारिज करने और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोटवार द्वारा गांव के भगत पटेल, परदेशी साहू, जवाहर साहू, ताम्रध्वज साहू के खिलाफ अजाक थाना महासमुंद में जातिगत प्रताडऩा करते हुए कोटवार पद से निलंबित करवाकर गांव से बहिष्कृत करने की झूठी शिकायत की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कोटवार दुधनाथ कुर्रे के साथ किसी भी प्रकार की दुर्भावनापूर्वक जातिगत व्यवहार नहीं किया जा रहा है और न ही उसे गांव से बहिष्कृत किया गया है। उनका लेन-देन समस्त ग्रामीणों साथ सुचारू रूप से चल रहा है। इसलिए ग्रामीणों के खिलाफ दुधनाथ कुर्रे द्वारा की गई झूठी शिकायत को तत्काल खारिज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2022 में कोटवार ने फिर से उक्त जमीन पर अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की शिकायत पर जांच-पड़ताल में कोटवार पद का दुरुपयोग करना पाया गया। इसके बाद कोटवार पद से निलंबित कर दिया गया। इसके बावजूद कोटवार ग्रामीणों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देते आ रहा है, जिसकी शिकायत कलेक्टर, नायब तहसीलदार पटेवा व पुलिस के पास की गई है।