महासमुन्द
ग्रामीणों ने कहा डिस्टिलरी प्लांट की आड़ में शराब फैक्ट्री खोलने की तैयारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अक्टूबर। ग्राम बेलटुकरी में प्रस्तावित डिस्टिलरी प्लांट के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टोरेट का घेराव किया। प्रदर्शनकारी तीन घंटे तक गेट के सामने बैठकर नारेबाजी करते रहे। इनका आरोप है कि डिस्टिलरी प्लांट की आड़ में शराब फैक्ट्री खोलने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले भी ग्रामीणों ने प्लांट खुलने का विरोध किया था। ग्रामीण शुक्रवार को हुई जनसुनवाई से असंतुष्ट थे, इसलिए कलेक्टोरेट घेराव कर जनसुनवाई को निरस्त करने की मांग की। तीन घंटे प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात की।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन इस मामले में कुछ नहीं कर सकती।,इसलिए उन्होंने ग्रामीणों को पर्यावरण बोर्ड जाने की सलाह दी। ग्रामीणों ने आगामी विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। मंगलवार दोपहर 1 बजे से ग्रामीण लोहिया चौक में एकत्रित हुए। दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्रामीण लोहिया चौक से रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचे। कलेक्टोरेट गेट में पुलिस बल ने पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। इसलिए ग्रामीण नारेबाजी करते हुए वहीं बैठ गए। ग्रामीणों का कहना था कि उन्हें सिर्फ कलेक्टर से मिलना है। अन्य किसी अधिकारी से कोई चर्चा नहीं करना है।
दोपहर करीब 2.15 बजे ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू किया जो साढ़े 5 बजे तक जारी रहा। बेलटुकरी के सरपंच सोनसाय निर्मलकर, ग्रामीण प्रवीण चंद्राकर,पुष्पेंद्र चंद्राकर, टिकेश्वर पटेल, मानिक निषाद ने बताया कि ग्राम बेलटुकरी में 210 किलो लीटर अनाज आधारित डिस्टलरी व 6.25 मेगावॉट का सह.उत्पाद विद्युत संयंत्र 9.0 हैक्टेयर क्षेत्रफल में प्रस्तावित है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन उनकी बात नहीं मान रही है और गांव वालों का साथ नहीं दे रही है। इसलिए वे भी प्रशासन की बात नहीं मानेंगे। ग्रामीणों ने फैसला किया है कि वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समझाने की कोशिश की पर वे नहीं माने। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम ने ग्रामीणों से काफी देर तक चर्चा की। ग्रामीण भी कलेक्टर से मिलने की मांग लेकर अड़े रहे और कलेक्टोरेट में सामने गेट से आना-जाना बंद रहा।