महासमुन्द

भाजपाई यदि सच में महिला हितैषी हैं तो तत्काल महिला आरक्षण लागू करवाएं-अंकित
03-Oct-2023 7:49 PM
भाजपाई यदि सच में महिला हितैषी हैं तो तत्काल महिला आरक्षण लागू करवाएं-अंकित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 3 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के सदस्य आंकित बागबाहरा ने भाजपा जिलाध्यक्ष के द्वारा कांग्रेस पार्टी पर लगाये आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पहले जिला अध्यक्ष अपनी जानकारी दुरुस्त करें। क्योंकि 43 वर्षीय भाजपा में आज तक कुल 11 राष्ट्रीय अध्यक्ष बने परन्तु भाजपा ने कभी किसी महिला को राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बनाया और तो और जिस आरएसएस की अनुषांगिक संगठन भाजपा है, उस आरएसएस में कभी किसी महिला को प्रमुख पदाधिकारी नहीं बनने दिया गया।

आंकित ने बताया कि आज छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी में सबसे ज्यादा महिला विधायक है, और कांग्रेस की 5 बार राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला बन चुकी है। अंकित ने चुनौती देते हुए बताया कि इतिहास को खंगाल लें। इतिहास इस बात को झुठला सकता है तो झुठला दें कि 1989 में स्व राजीव गांधी ने महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास करवाया और राज्यसभा मे बीजेपी के विरोध के चलते 7 वोटों से राज्यसभा में बिल पास नहीं हो पाया, और तो और सबसे पहले कांग्रेस की नरसिम्हाराव सरकार ने 1992 में स्व राजीव के सपने को पूरा करने पंचायती राज संस्थाओं में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं को दी गई।

फिर 2010 में मनमोहन सिंह जी की सरकार में राज्यसभा में पास हुआ, जिसे भाजपा की केंद्र सरकार ने आज तक लागू नहीं किया । बल्कि केंद्र की भाजपा सरकार में मणिपुर पूरा जल रहा है, कारगिल की रक्षा करने वाले वीर सिपाही की पत्नी का बलात्कार किया गया, महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया जा रहा, कठुआ कांड हुआ, हाथरस कांड हुआ,उनके सांसद लगातार महिला खिलाडिय़ों का अपमान कर रहे, पर पूरी पार्टी मौन है।

और भाजपा के अनुसार तो 2026 के परिसीमन के बाद 2033 में होने वाली जनगणना के बाद आरक्षण लागू होगा।

मतलब 2038 के चुनाव में ही लागू हो पाएगा। ये ऐसा ही है जैसे अच्छे दिन आएंगे, दो करोड़ रोजगार हर साल देंगे,15 लाख रुपये हर खाते में आएंगे और महंगाई कम होगी जैसा ही जुमला मात्र है । 


अन्य पोस्ट