महासमुन्द

गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश
03-Oct-2023 3:19 PM
 गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अक्टूबर।
मौसम विभाग ने महासमुंद जिले को अगले 24 घंटे के लिए येलो अलर्ट घोषित किया है। फलस्वरूप अगले 24 घंटे में और भी बारिश होने का अनुमान है। कल शाम गरज-चमक के साथ हुई बारिश से शहर सहित अंचल तर-बतर हो गया। पिछले सप्ताह भर से अंचल में उमस का वातावरण था। जिसके चलते लोग हलाकान थे। वहीं कल आज सुबह से ही सामान्य से अधिक उमस महसूस हो रही थी। इस बीच शाम करीब 6.30 बजे एकाएक ठंडी हवा चली तथा आसमान पर काले बादल दिखने लगे। देखते ही देखते गरज चमक के साथ बारिश हुई।

मिली जानकारी के अनुसार विदाई ले रहा मानसून हाल ही में दुबारा सक्रिय हो चुका है। फलस्वरूप प्रेशर की वजह से दिनों से चिपचिपी गर्मी महसूस की जा रही है। इसके साथ ही ऐसे खेत जहां नहर का पानी नहीं पहुंच पाता वहां पानी की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। कल हुई बारिश से कुछ दिनों के लिए खेतों में नमी बरकरार रहेगी। बारिश के बीच कल महासमुंद शहर में घंटे भर बिजली गुल हो गई। फलस्वरूप लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौकम विभाग की मानें तो आगामी 12 अक्टूबर को दक्षिण पश्चिम मानसून की विदाई के आसार बन रहा है, फलस्वरूप बारिश संभावित है। छत्तीसगढ़ में मानसूनी के साथ ही चक्रवात के प्रभाव से पांच.छह अक्टूबर तक लगातार बारिश की संभावना है। लिहाजा तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। 
 


अन्य पोस्ट