महासमुन्द

वार्डवासियों संग पूर्व विधायक ने घेरा थाना
02-Oct-2023 8:32 PM
वार्डवासियों संग पूर्व विधायक ने घेरा थाना

कहा-चाकू से मारने वालों पर पुलिस ने मामूली धारा लगाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 2 अक्टूबर। पुलिस प्रशासन पर  चाकू से मारने वालों पर सही धाराओं के साथ एफआईआर दर्ज नहीं किये जाने का आरोप लगाते पीडि़त पक्ष एवं वार्ड के लोगों के साथ पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा कोतवाली पहुंचे और थाने का घेराव किया। इस दौरान जब पुलिस अधीक्षक का कॉल आया और उन्होंने जब उचित कार्रवाई का विश्वास दिलाया, तब धरना समाप्त किया।

 नयापारा अटल आवास के सामने दो दिन पहले मिरी परिवार के लोगों के साथ बीती रात विक्की ठाकुर, राजा ठाकुर, शन्नी ठाकुर ने घर में घुस कर मारपीट की है। इससे 3 महिलाओं के सिर में गंभीर चोटें आयी हैं। डॉ. विमल चोपड़ा का आरोप है कि युवकों ने महिलाओं पर चाकू से वार किया है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन ने पीडि़त पक्ष की रिपोर्ट नहीं लिखा। वे रिपोर्ट कराने आईं तो उक्त तीनों बदमाशों पर मामूली धारा लगा कर उन्हें घर भेज दिया गया।

अत: पुलिस प्रशासन द्वारा सही धाराओं के साथ एफआईआर दर्ज नहीं किये जाने का आरोप लगाते पीडि़त पक्ष एवं वार्ड के लोगों के साथ डॉ. विमल चोपड़ा, पार्षद देवीचंद राठी, जगन्नाथ छुरा, राकेश सचदेवा, भरत खत्री, विक्की गुरूदत्ता, नईम खान के साथ कोतवाली पहुंचे और थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की।

डॉ. चोपड़ा ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाया है कि महासमुंद विधायक के दबाव में पुलिस गुंडों पर कड़ी कार्रवाई करने से बच रही है। डॉ.चोपड़ा उक्त तीनों बदमाशों पर अजमानती धारा लगाने की मांग करते हुये थाने के मेन गेट से वार्डवासियों के साथ घंटों धरने में बैठे। इस दौरान जब पुलिस अधीक्षक का कॉल आया और उन्होंने जब उचित कार्रवाई का विश्वास दिलाया, तब डॉ. चोपड़ा ने धरना समाप्त किया।


अन्य पोस्ट